जैन मिलन युगल नेमिनाथ ने जरूरतमंद परिवारों के साथ मनाई दीपावली, वितरित की खुशियों की किट
सर्वोदय अहिंसा अभियान के तहत सेवा कार्य; आतिशबाजी से होने वाले नुकसान के प्रति लोगों को किया जागरूक
Gwalior । दीपावली खुशियों, उमंग और रोशनी का पर्व है। इस अवसर पर हर परिवार त्योहार मनाने की तैयारी करता है, लेकिन समाज में कई ऐसे जरूरतमंद परिवार भी हैं, जिनके लिए त्योहार की आवश्यक सामग्री जुटाना कठिन होता है। ऐसे परिवारों के जीवन में खुशियों की रोशनी पहुंचाने के उद्देश्य से जैन मिलन युगल नेमिनाथ ग्रेटर ग्वालियर शाखा ने मंगलवार को सर्वोदय अहिंसा अभियान के अंतर्गत ‘आओ मनाएं खुशियों भरी दिवाली’ कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान शहर की विभिन्न जरूरतमंद बस्तियों में परिवारों को दीपावली किट वितरित की गईं।
जैन समाज के प्रवक्ता सचिन जैन ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जैन मिलन के शाखा संस्थापक एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रवि जैन, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी सचिन जैन, क्षेत्रीय संयोजक पारस जैन और क्षेत्रीय ग्रीटिंग सह-संयोजक ऋषभ जैन ने जैन ध्वज दिखाकर सर्वोदय अहिंसा रथ को रवाना किया। जैन ध्वज के साथ निकला यह रथ शहर की विभिन्न जरूरतमंद बस्तियों तक पहुंचा और वहां परिवारों को दीपावली की सामग्री भेंट की गई।
दीपावली किट में शामिल की गईं त्योहार की जरूरी सामग्री
सेवा अभियान के अंतर्गत दीनदयाल गेट, गोले का मंदिर और भिंड रोड स्थित झुग्गी-बस्ती सहित विभिन्न स्थानों पर जरूरतमंद परिवारों को दीपावली किट वितरित की गईं। इन किटों में खिले गट्टे, फल, मिठाई, कचौड़ी, कपड़े, मिट्टी के दीपक, रूई, तेल, बिस्कुट और दीपावली के लिए अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थी।
सदस्यों ने परिवारों को सामग्री भेंट कर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। संस्था का उद्देश्य ऐसे परिवारों को भी दीपावली के उत्सव में सहभागी बनाना था, जो आर्थिक परिस्थितियों के कारण त्योहार की तैयारियां नहीं कर पाते।

आतिशबाजी के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान जैन मिलन युगल नेमिनाथ के सदस्यों ने सर्वोदय अहिंसा अभियान के माध्यम से आमजन को आतिशबाजी से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। लोगों से पर्यावरण संरक्षण, जीवदया और अहिंसा के संदेश को अपनाते हुए सुरक्षित एवं प्रदूषण रहित दीपावली मनाने की अपील की गई।
इस अवसर पर सर्वोदय अहिंसा अभियान पत्रिका का विमोचन भी किया गया, ताकि इसके माध्यम से अहिंसा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।
समाज के सदस्यों ने निभाई सहभागिता
कार्यक्रम में युगल जैन मिलन नेमिनाथ के रवि-रुचि जैन, पारस-शिल्पी जैन, ऋषभ-सलोनी जैन, अध्यक्ष कुणाल-आयुषी जैन, मंत्री अमित-रचना जैन, तरुण जैन, संस्कार जैन, ऋषि जैन, दीपांशु जैन, मोक्ष जैन, समर्पण-ईशा जैन, अमन-पूनम जैन और सुरभि जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
संस्था के सदस्यों ने सेवा कार्य के माध्यम से संदेश दिया कि दीपावली की वास्तविक खुशी केवल अपने परिवार के साथ उत्सव मनाने में नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के जीवन में भी खुशियों का दीप जलाने में है। अभियान के जरिए सेवा, करुणा, जीवदया और अहिंसा के मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
