अम्बाह जैन बगीची में श्री पार्श्वनाथ चालीसा का सामूहिक वाचन
पर्युषण पर्व तक चलेगा धार्मिक आयोजन
मुरैना/अम्बाह। अम्बाह स्थित जैन बगीची परिसर में आचार्य श्री 108 सिद्धांत सागर महाराज की शिष्या आर्यिका श्री 105 संगममति माताजी ससंघ के मंगल सानिध्य में धार्मिक आयोजनों का क्रम जारी है। णमोकार महामंत्र के सामूहिक वाचन के सफल समापन के बाद अब जैन बगीची परिसर में श्री पार्श्वनाथ चालीसा के सामूहिक वाचन का शुभारंभ किया गया है।
पर्युषण पर्व तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन श्रद्धालु सामूहिक रूप से भगवान पार्श्वनाथ की आराधना करेंगे। धार्मिक आयोजन को लेकर समाजजनों में उत्साह का वातावरण है।
धार्मिक प्रश्न मंच से होगी शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिदिन धार्मिक प्रश्न मंच से होगी। इसमें बच्चों एवं श्रद्धालुओं से जैन धर्म, तीर्थंकरों, धार्मिक सिद्धांतों एवं संस्कारों से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। इसका उद्देश्य बच्चों और युवा पीढ़ी को जैन धर्म के मूल सिद्धांतों एवं तीर्थंकरों के जीवन से परिचित कराना तथा उनमें धार्मिक ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना है।

23 बार होगा चालीसा का वाचन
प्रश्न मंच के पश्चात श्रद्धालुओं द्वारा श्री पार्श्वनाथ चालीसा का 23 बार सामूहिक वाचन किया जाएगा। सामूहिक वाचन के दौरान जैन बगीची परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहेगा। श्रद्धालु सामूहिक आराधना के माध्यम से धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।
युवाओं और बच्चों को धर्म से जोड़ने का प्रयास
आर्यिका संगममति माताजी के ससंघ सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजनों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से प्रतिदिन धार्मिक प्रश्न मंच एवं चालीसा वाचन में सहभागिता करने का आग्रह किया है।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजन बच्चों एवं युवाओं को अपनी संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही सामूहिक आराधना से समाज में धार्मिक एकता और भक्ति की भावना मजबूत होती है।

मुरैना/अम्बाह से मनोज जैन नायक की रिपोर्ट।
