पट्टाचार्य श्री 108 विशुद्धसागर जी गुरुदेव ने दिल्ली ऋषभ विहार की मंगल देशना में कर्म, अहंकार, जीवन और गिरनार तीर्थ पर विशेष संदेश दिया।
दिन बदलते देर नहीं लगती, कर्म किसी को नहीं छोड़ता: पट्टाचार्य विशुद्धसागर जी गुरुदेव
‘रावण सीता का हरण तो कर सका, पर अपना न बना सका; ऐसे ही गिरनार तीर्थ जैनों का था, है और रहेगा’
प्रस्तुति: राजेश जैन दद्दू, प्रचारक-जिन शासन एकता संघ | दैनिक स्वराज वाणी
दिल्ली/इंदौर। दिगंबर जैन पट्टाचार्य श्री 108 विशुद्धसागर जी गुरुदेव ने दिल्ली ऋषभ विहार में रविवार की मंगल देशना में कहा कि सबके दिन एक जैसे नहीं होते। दिन बदलते देर नहीं लगती और जिंदगी में किसके साथ क्या हो जाए, इसका पता नहीं। इसलिए मनुष्य को कभी अहंकार नहीं करना चाहिए।
गुरुदेव ने उदाहरण देते हुए कहा कि श्रीराम को राज्य मिलने वाला था, उसी दिन वनवास हो गया। श्रीकृष्ण का जन्म जेल में हुआ और सती सीता को गर्भवती अवस्था में वन में छोड़ दिया गया। देखते ही देखते समय बदल जाता है।
गिरनार तीर्थ पर दी विशेष देशना
पट्टाचार्य विशुद्धसागर जी गुरुदेव ने कहा, “रावण ने सीता का हरण तो किया, लेकिन उन्हें अपना नहीं बना सका। इसी प्रकार गिरनार तीर्थ जैनों का था, है और रहेगा।”
उन्होंने कहा कि किसी वस्तु को छीना जा सकता है, लेकिन उससे उसके वास्तविक स्वरूप और पहचान को नहीं बदला जा सकता।
‘अपमान नहीं, अपनत्व दो’
गुरुदेव ने कहा कि जिंदगी संभलकर जिएं और किसी का तिरस्कार न करें। “जियो और जीने दो” के सिद्धांत को अपनाएं। बुरे कर्म का फल बुरा ही होता है। क्षणभर की कषाय जीव को भव-भव तक पीड़ित कर सकती है। कर्म किसी को नहीं छोड़ता। जैसा बीज बोया जाता है, वैसी ही फसल प्राप्त होती है।
भजन करो, भगवान बनो
गुरुदेव ने कहा कि दान देने से यश मिलता है, जिनेन्द्र प्रभु की पूजा और साधुओं की सेवा से जीवन में श्रेष्ठता आती है। श्रेष्ठता प्राप्त करनी है तो श्रेष्ठ कार्य करना आवश्यक है।
अंत में उन्होंने कहा कि प्रभु का नाम स्मरण करें, मंत्र जाप से मन को स्थिर रखें और सही सोचें, सही बोलें तथा सही रास्ते पर चलें। प्रयत्नपूर्वक प्रण, प्राण और यश की रक्षा करना ही धर्म है।
धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
