बम्होरी के ग्राम खैरी जयपुरा में भाई दूज पर पारंपरिक मढ़ई मेले का आयोजन हुआ। विधायक देवेंद्र पटेल सहित जनप्रतिनिधि शामिल हुए। ढाल नृत्य, भजन संध्या और भाजपा-कांग्रेस नेताओं की एक मंच पर मौजूदगी रही आकर्षण का केंद्र।
खैरी जयपुरा में भाई दूज पर सजा पारंपरिक मढ़ई मेला, ढाल नृत्य और भजन संध्या ने बांधा समां
विधायक देवेंद्र पटेल सहित जनप्रतिनिधियों ने की शिरकत, भाजपा-कांग्रेस के नेता एक मंच पर आए नजर, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की दिखी मिसाल
बम्होरी। बम्होरी से करीब 7 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत खैरी जयपुरा में भाई दूज के पावन अवसर पर पारंपरिक मढ़ई मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में पारंपरिक ढाल नृत्य और भव्य भजन संध्या आकर्षण का केंद्र रहे। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्र से पहुंचे श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र पटेल, राजा साहब चुनहेटिया एवं संग्राम सिंह राजपूत उपस्थित रहे। आयोजन समिति की ओर से सरपंच प्रतिनिधि सूरज उइके ने अतिथियों का गमछा और फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
मढ़ई मेले में पारंपरिक ढाल नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने ग्रामीण संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक पेश की। वहीं भजन संध्या में देवरी से आईं भजन गायिका महक शर्मा, सोनम शर्मा एवं राहुल विश्वकर्मा ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मधुर भजनों पर भक्त देर रात तक झूमते रहे।
एक मंच पर दिखे भाजपा-कांग्रेस के नेता
आयोजन की खास बात यह रही कि भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेता एवं कार्यकर्ता राजनीतिक मतभेद भुलाकर एक मंच पर नजर आए। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष हरनाम सिंह पटेल, जिला कार्यसमिति सदस्य रामकुमार लोधी, शत्रुघ्न सिंह राजपूत एवं समाजसेवी कृष्णकांत आचार्य सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन सरपंच प्रतिनिधि सूरज उइके, जगदीश प्रसाद धाकड़, ओमप्रकाश राय, अर्जुन सिंह ठाकुर, उमेद सिंह धाकड़ एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से किया गया। पारंपरिक मढ़ई मेले ने लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया।
दैनिक स्वराज वाणी

