—Advertisement—

Nagda : त्योहारों को लेकर नागदा में शांति समिति की बैठक, पंडालों में 2 से 4 वॉलींटर रखना अनिवार्य

Author Picture
Published On: 12 September 2026
Nagda
— Dol Gyaras Procession: Akhadas Asked to Coordinate Timings to Avoid Crowd Management Issues

—Advertisement—

त्योहारों को लेकर नागदा में शांति समिति की बैठक, पंडालों में 2 से 4 वॉलींटर रखना अनिवार्य

गणेश उत्सव, डोल ग्यारस और अनंत चौदस की तैयारियों पर चर्चा

Nagda। संवाददाता : प्रमोद कुमार जैन। आगामी गणेश उत्सव, डोल ग्यारस और अनंत चौदस को देखते हुए शुक्रवार शाम मंडी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन, नगर पालिका, राजस्व विभाग और बिजली कंपनी के अधिकारियों के साथ समिति सदस्यों ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा, यातायात, बिजली, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।

बैठक में एसडीएम रंजना पाटीदार, सीएसपी विक्रम अहिरवार, तहसीलदार मधु नायक, मंडी थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी, बिरलाग्राम थाना प्रभारी जितेंद्र पाटीदार, नगर पालिका सीएमओ सतीश मटसेनिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

शहर में 100 से अधिक स्थानों पर विराजित होती हैं गणेश प्रतिमाएं

पुलिस प्रशासन ने बताया कि नागदा शहर में करीब 100 से अधिक स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। ऐसे में प्रत्येक पंडाल पर पुलिस बल की तैनाती संभव नहीं है। पुलिस ने समिति सदस्यों और आयोजनकर्ताओं से कहा कि प्रत्येक गणेश पंडाल में कम से कम दो और अधिकतम चार वॉलींटर रखना अनिवार्य होगा।

इन वॉलींटरों की जानकारी संबंधित थाने में उपलब्ध करानी होगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस उनसे संपर्क कर सके और भीड़ प्रबंधन में सहयोग लिया जा सके।

साफ-सफाई और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग

बैठक में सदस्यों ने त्योहारों के दौरान शहर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने की मांग की। इसके अलावा बिजली व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों के सामने अपनी बात रखी गई।

त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मवेशियों को पकड़ने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में भीड़ नियंत्रण के लिए पहले से आवश्यक व्यवस्था की जानी चाहिए।

WhatsApp Image 2026 09 12 at 2.17.41 AM 2

डोल ग्यारस पर अखाड़ों के प्रदर्शन का समय तय करने पर जोर

डोल ग्यारस के दौरान निकलने वाले जुलूस और अखाड़ों के प्रदर्शन को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। मंडी थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी ने बताया कि डोल ग्यारस के दौरान जवाहर मार्ग पर सबसे अधिक भीड़ रहती है। गुर्जर चौराहे पर एक व्यायामशाला के पहलवान लंबे समय तक प्रदर्शन करते हैं, जिसके कारण पीछे आने वाले अखाड़ों को पर्याप्त समय नहीं मिल पाता।

इस पर रवि रघुवंशी ने आपत्ति जताई। प्रशासन ने सुझाव दिया कि सभी अखाड़े आपसी बैठक कर प्रदर्शन का समय पहले से निर्धारित कर लें। इससे सभी अखाड़ों को अपनी प्रस्तुति का अवसर मिलेगा और जुलूस के दौरान व्यवस्था भी बनी रहेगी।

सीवेज के लिए खोदी गई सड़कों को जल्द दुरुस्त करने की मांग

बैठक में शहर की सड़कों की स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। समिति सदस्यों ने कहा कि सीवेज लाइन डालने के लिए शहर के कई हिस्सों में सड़कें खोदी गई हैं। एक क्षेत्र में काम पूरा हुए बिना दूसरे क्षेत्र में खुदाई शुरू कर दी जाती है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सदस्यों ने नगर पालिका से मांग की कि आगामी त्योहारों को देखते हुए सीवेज कार्यों को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया जाए और जहां काम हो चुका है, वहां सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।

त्योहारों से पहले व्यवस्था सुधारने पर जोर

शांति समिति की बैठक में प्रशासन ने त्योहारों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। पुलिस ने आयोजन समितियों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने और पंडालों में निर्धारित संख्या में वॉलींटर रखने की अपील की।

प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, बिजली, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखना है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

कुमकुम सोनी स्वराज वाणी न्यूज मे कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत है। इन्होंने स्नातक पत्रकारिता एवं जनसंचार से की है। यह विशेषतः राजनीति एवं भू-राजनीति से जुड़े मुद्दों का गहन विशलेषण कर सरल भाषा में आम जनता के समक्ष प्रस्तुत करने का प्रयास करती है।… Read More

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp