नागदा में पर्युषण पर्व के छठे दिन महासती सरोज श्री जी ने कहा कि इंसान को संघर्ष से नहीं डरना चाहिए। कठिन परिस्थितियां इंसान को मजबूत बनाती हैं और संघर्ष के बाद ही सफलता व आत्मविकास का आनंद मिलता है।
संघर्ष से नहीं डरना चाहिए, संघर्ष के बाद ही सफलता का आनंद मिलता है: महासती सरोज श्री जी
पर्युषण पर्व के छठे दिन महावीर भवन में धर्मसभा, महासती सरोज श्री जी और जलज श्री जी ने बताए जीवन, अहिंसा और आत्मविकास के सूत्र
रिपोर्ट: जीवनलाल जैन, नागदा
नागदा जं.। पर्युषण पर्व के छठे दिन महावीर भवन में आयोजित धर्मसभा में महासती सरोज श्री जी ने कहा कि जीवन में उतार-चढ़ाव का बड़ा महत्व है। इंसान को संघर्ष से नहीं डरना चाहिए, क्योंकि संघर्ष के बाद ही सफलता और आत्मविकास का वास्तविक आनंद मिलता है।
श्री स्थानकवासी जैन श्री संघ के मीडिया प्रभारी नितिन बुडावनवाला के अनुसार महासती सरोज श्री जी ने कहा कि जीवन में चढ़ाव पाने के लिए श्रम, परिश्रम और पसीना बहाना पड़ता है। जो परिश्रम से सफल होता है, वही कुशल व्यापारी होता है। जीवन में संघर्ष होगा, तभी इंसान जीवन का महत्व समझेगा।
कठिन परिस्थितियां इंसान को बनाती हैं मजबूत
महासती सरोज श्री जी ने कहा कि इंसान को अपने आप पर विश्वास होना चाहिए। विश्वास इतना मजबूत हो कि आप जो करेंगे, वह सही होगा। जिस प्रकार सोना तपकर कुंदन बनता है, उसी प्रकार इंसान भी कठिन परिस्थितियों से गुजरकर मजबूत बनता है।
उन्होंने कहा कि हमारी शक्ति हमारे भीतर होती है। परेशानी आए तो घबराना नहीं चाहिए, बल्कि यह सोचना चाहिए कि यह संघर्ष हमें तोड़ने नहीं, बल्कि मजबूत बनाने आया है। संघर्ष के बाद ही सफलता और आत्मविकास का आनंद मिलता है।
अहिंसा के आश्वासन, विश्वास और अभय का बताया महत्व
जलज श्री जी ने कहा कि वैसे तो अहिंसा के 60 नाम हैं, लेकिन इनमें तीन नाम—आश्वासन, विश्वास और अभय—विशेष महत्वपूर्ण हैं। अहिंसा का अर्थ केवल किसी जीव को चोट नहीं पहुंचाना नहीं है।
उन्होंने समझाया कि आश्वासन का अर्थ सामने वाले को यह भरोसा देना है कि मेरी ओर से तुम्हें कोई नुकसान नहीं होगा। विश्वास का अर्थ है कि तुम्हें जो चाहिए, मैं तुम्हारा काम कर देता हूं और काम पूरा होने तक तुम्हारे साथ खड़ा रहूंगा। वहीं अभय का अर्थ किसी के मन से भय को दूर करना है।
उन्होंने कहा कि हमारे विचार, वचन और व्यवहार से भी किसी को भय और पीड़ा नहीं होनी चाहिए। जो अपना है, वह जाता नहीं और जो चला गया, वह अपना नहीं था। जिसका मन व्यवहार देने का है, वह परिवार जोड़ता है और जिसका मन लेने का है, वह परिवार तोड़ता है।
तप, जप और आराधना में जुटे श्रावक-श्राविकाएं
जाप की प्रभावना का लाभ संध्या, अतिमा और श्रद्धा संघवी ने लिया। धार्मिक प्रवचन प्रभावना का लाभ चंदनमल, रविकुमार, हेमंतकुमार और भूपेंद्रकुमार संघवी परिवार ने लिया।
पर्युषण पर्व के दौरान अमृत कांठेड के 8 उपवास, जबकि भव्य कांठेड, हितेश कांठेड, संजय गोखरू, प्रभा भंडारी और सोनाली बुडावनवाला के 6 उपवास चल रहे हैं। लगभग 20 श्रावक-श्राविकाओं द्वारा एकासना तप किया जा रहा है। वहीं मधुबाला निर्मल चपलोत के 2 उपवास चल रहे हैं।
महावीर भवन में आयोजित धर्मसभा में उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं एवं बच्चों ने पूरी आत्मीयता से पर्युषण पर्व के दौरान तप, जप और आराधना के माध्यम से आत्मकल्याण का ज्ञानार्जन किया।
अतिथि सत्कार एवं कार्यक्रम का संचालन दिलीप पार्थ कांठेड़ ने किया। आभार चन्दनमल संघवी ने माना।
उक्त जानकारी श्री स्थानकवासी जैन चातुर्मास समिति, नागदा वर्ष-2026 के अध्यक्ष दिलीप कांठेड़ एवं मीडिया प्रभारी नितिन बुडावनवाला द्वारा दी गई।
