Nagda में नरक चतुर्दशी पर चंबल तट स्थित मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में देव दीपावली मनाई गई। पितरों की सद्गति के लिए दीपयादि श्राद्ध, यम तर्पण और दीपदान हुआ।
नरक चतुर्दशी पर चंबल तट पर मनाई देव दीपावली, पितरों की सद्गति के लिए हुआ दीपयादि श्राद्ध,
ब्राह्मण समाज युवा संस्कार परिवार द्वारा आयोजित दिव्य अनुष्ठान में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पितृ तर्पण एवं दीपदान में, दीपांजलि और जलांजलि अर्पित कर की पितरों के बैकुंठ वास की कामना
Nagda, नि.प्र.। नरक चतुर्दशी के पावन अवसर पर शनिवार को चंबल तट स्थित श्री मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में ब्रह्ममुहूर्त में सामूहिक दीपयादि श्राद्ध, यम तर्पण एवं दीपदान का विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। ब्राह्मण समाज नागदा युवा संस्कार परिवार के तत्वावधान में आयोजित इस अनूठे अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने अपने दिवंगत पूर्वजों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए वैदिक विधि-विधान से पितृ तर्पण किया तथा दीप प्रज्वलित कर उनकी शांति, सद्गति एवं बैकुंठ वास की कामना की। आयोजन के समापन पर पितरों के निमित्त दीपोत्सव एवं आतिशबाजी के साथ देव दीपावली मनाई गई।
आचार्य पंडित अजय पंड्या एवं पंडित दीपक पंड्या ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विभिन्न कर्मकांडीय क्रियाओं के माध्यम से अनुष्ठान संपन्न कराया। उन्होंने नरक चतुर्दशी पर पितृ तर्पण, यम उपासना एवं दीपदान के धार्मिक महत्व की जानकारी देते हुए श्रद्धालुओं से विधिवत तर्पण करवाया। पूजन के लिए चार गन्नों से विशेष चौकी तैयार की गई। इसके बाद मिट्टी, तांबे एवं चांदी के दीपक प्रज्वलित कर पितरों के निमित्त दीपांजलि एवं जलांजलि अर्पित की गई। श्रद्धालुओं ने दीपों की आरती कर पूर्वजों के प्रति अपनी श्रद्धा निवेदित की।
पितरों के निमित्त दीपदान से जुड़ी है सद्गति की धार्मिक मान्यता
आचार्य पंडित दीपक पंड्या ने बताया कि सनातन परंपरा में नरक चतुर्दशी का दिन यम उपासना एवं पितृ स्मरण की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन ब्रह्ममुहूर्त में श्रद्धापूर्वक पितृ तर्पण, दीपयादि श्राद्ध एवं दीपदान करने से पितरों की शांति एवं सद्गति की कामना पूर्ण होती है। उन्होंने बताया कि जिन परिवारों में किसी सदस्य के निधन के कारण शोक अथवा अन्य परिस्थितियों से दीपावली का उत्सव नहीं मनाया जा सका हो, उनके लिए विधिवत पितृ अनुष्ठान के पश्चात शोक निवृत्त होकर पुनः दीपोत्सव मनाने की धार्मिक परंपरा का विशेष महत्व है।
पंडित अजय पंड्या ने कहा कि दीपावली सनातन संस्कृति का प्रमुख प्रकाश पर्व है, जो प्रत्येक परिवार को जीवन में उल्लास, सकारात्मकता एवं मांगलिक परंपराओं को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। अपने पूर्वजों का स्मरण कर उनके निमित्त दीप प्रज्वलित करना कृतज्ञता और पारिवारिक संस्कारों का प्रतीक है। पितरों के सम्मान में दीपोत्सव मनाने से नई पीढ़ी को भी अपनी सांस्कृतिक विरासत एवं पूर्वजों के प्रति दायित्व का बोध होता है।
पितरों के सम्मान में आतिशबाजी के साथ मनाया दीपोत्सव
वैदिक पूजन एवं आरती के पश्चात पितरों के निमित्त फुलझड़ी, अनार एवं चकरी जलाकर दीपोत्सव मनाया गया। चंबल तट पर प्रज्वलित दीपों और दीपांजलि के बीच श्रद्धालुओं ने देव दीपावली के स्वरूप में पितरों का अभिनंदन किया। दिव्य दीपांजलि एवं जलांजलि के माध्यम से पितरों की सद्गति एवं परिवार के कल्याण की प्रार्थना की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने इस विशिष्ट धार्मिक परंपरा की सराहना करते हुए इसे सनातन संस्कारों के संरक्षण एवं नई पीढ़ी को पूर्वजों से जोड़ने वाला प्रेरणादायी आयोजन बताया।
युवा संस्कार परिवार की पहल, प्रतिवर्ष आयोजन का संकल्प
कार्यक्रम संयोजक एवं ब्राह्मण समाज नागदा युवा संस्कार परिवार के संयोजक पंडित निलेश मेहता ने बताया कि ब्राह्मण समाज के युवाओं द्वारा यह आयोजन प्रतिवर्ष विगत 8 वर्षों से किया जा रहा है। इस वर्ष भी आयोजन की सूचना विभिन्न मीडिया के माध्यम से नगरवासियों तक पहुंचाई गई, जिसके फलस्वरूप श्रद्धालुओं ने परिवार सहित सहभागिता कर धर्मलाभ लिया। उन्होंने कहा कि पितृ स्मरण एवं सनातन परंपराओं के संरक्षण की इस पहल को आगामी वर्षों में और व्यापक स्तर पर आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिकाधिक परिवार इस पुनीत अनुष्ठान से जुड़ सकें।
आयोजन में आचार्य पंडित अजय पंड्या, पंडित दीपक पंड्या, युवा आचार्य पंडित दिव्यांश पंड्या, सुरेश रघुवंशी, श्री मुक्तेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी सहित श्री राष्ट्रीय परशुराम सेना युवा वाहिनी महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा मेहता एवं नगर के धर्मप्रेमी श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन संयोजक पंडित निलेश मेहता एवं आचार्य पंडित अजय पंडया एवं पंडित दीपक पंडया के प्रयास से संपन्न हुआ।


