इंदौर:पिता, भगवान और गुरु से कृपा नहीं, जीवन में आगे बढ़ने की कला सीखें
राजेश जैन दद्दू की रिपोर्ट
इंदौर। दलाल बाग परिसर में मंगलवार को आयोजित धर्मसभा में जगतगुरु महाश्रमण निर्यापक मुनिपुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज ने पुरुषार्थ, गुरु-शिष्य संबंध और पारिवारिक संस्कारों पर मंगल देशना दी। उन्होंने कहा कि वसीयत के सहारे किसी व्यक्ति की किस्मत नहीं लिखी जाती। उसकी मेहनत और उड़ान ही तय करती है कि आसमान पर अधिकार किसका होगा।
धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि मुनिश्री ने कहा कि जिन धार्मिक कार्यों के लिए जैन बनना आवश्यक है, उन्हें इसी भव में पूरा करने का प्रयास करना चाहिए। अजैन होने पर श्रावक संस्कार शिविर जैसे दुर्लभ अवसर प्राप्त नहीं हो पाते और इसकी कमी जीव को हमेशा खलती रहती है।
रत्नत्रय धारण करने के लिए बनते हैं मुनि
मुनिश्री ने कहा कि पंचम काल में कोई अरिहंत नहीं बनता, फिर भी साधु रत्नत्रय धारण करने के लिए मुनि बनते हैं। मनुष्य पर्याय में दिगंबरत्व प्राप्त करने और अगले भव में विदेह क्षेत्र में भी मुनि बनने की पात्रता विकसित करने के लिए पुरुषार्थ करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि गुरुदेव के पास अनेक लोग मुनि बनने के लिए आते थे, लेकिन योग्यता का अभाव होने पर उन्हें स्पष्ट रूप से मना कर दिया जाता था। यही अयोग्यता व्यक्ति को अगले भव में मुनि बनने के लिए पुरुषार्थ करने की प्रेरणा देती रहती है।
गिरकर स्वयं उठना सिखाता है सच्चा गुरु
मुनिश्री ने कहा कि गुरु का व्यवहार कभी-कभी शत्रु जैसा दिखाई देता है। गुरु शिष्य के गिरने पर उसे तुरंत उठाता नहीं है, बल्कि ऐसी कला सिखाता है कि वह गिरने के बाद स्वयं उठ सके। वही सच्चा गुरु है।
उन्होंने राजा चंद्रगुप्त और आचार्य चाणक्य का उदाहरण देते हुए कहा कि चाणक्य ने चंद्रगुप्त को शासन और संघर्ष का पूरा हुनर सिखाया, लेकिन विपत्ति के समय हर बार उसका प्रत्यक्ष सहयोग नहीं किया। उनका उद्देश्य चंद्रगुप्त को प्रत्येक परिस्थिति का सामना करने योग्य बनाना था।
गुरु कृपा से नहीं, योग्यता से बनें सफल
मुनिश्री ने शिक्षा व्यवस्था का उदाहरण देते हुए कहा कि 99 अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को एक अतिरिक्त अंक नहीं दिया जाता, जबकि 23 अंक वाले विद्यार्थी को कभी-कभी दस ग्रेस अंक देकर पास कर दिया जाता है। गुरु कृपा के दस अंक लेकर व्यक्ति पास तो हो सकता है, लेकिन जीवन में उसकी योग्यता ही निर्धारित करेगी कि वह किस पद तक पहुंचेगा।
उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि शांतिधारा और कलश जैसी धार्मिक क्रियाएं मुफ्त में प्राप्त करने की अपेक्षा नहीं रखनी चाहिए। स्वयं को समर्थ बनाकर बोली के माध्यम से इन्हें प्राप्त करने का पुरुषार्थ करें। यदि इस बार अवसर न मिले तो अगली बार 100 अंक प्राप्त करने जैसी योग्यता विकसित करें।
संपत्ति देने वाला या योग्य बनाने वाला—कौन-सा पिता श्रेष्ठ?
मुनिश्री ने धर्मसभा में प्रश्न किया कि कौन-सा पिता श्रेष्ठ है—वह, जो इतनी संपत्ति छोड़ जाए कि संतान को जीवनभर कमाने की आवश्यकता न पड़े या वह, जो अपनी संतान को योग्य बनाकर धन और सम्मान अर्जित करने की कला सिखाए?
उन्होंने कहा, “पिता की संपत्ति और वसीयत पर नजर रखने वालों, वसीयत से जिंदगी की किस्मत नहीं लिखी जाती। आपकी उड़ान ही बताएगी कि आसमान किसका है।”
मुनिश्री ने कहा कि पिता, भगवान और गुरु से केवल कृपा की अपेक्षा नहीं करनी चाहिए। पिता से पैसा और सम्मान कमाने की कला तथा गुरु से साधना, तपस्या और संकटों का सामना करने की कला सीखनी चाहिए।
प्रवचन के पांच प्रमुख सूत्र
- वसीयत से किस्मत नहीं लिखी जाती, उड़ान बताएगी कि आसमान किसका है।
- पिता, भगवान और गुरु से कृपा नहीं, जीवन जीने की कला सीखें।
- गुरु का व्यवहार शत्रु जैसा दिखाई दे सकता है, लेकिन वही गिरकर उठना सिखाता है।
- विचार करें कि कौन-से धार्मिक कार्य श्रावक संस्कार शिविर में बैठे और जैन बने बिना संभव नहीं हैं।
- ऐसा संस्कारी परिवार बनाएं, जिसमें आने वाली पीढ़ियों में भी साधु-संतों का आहार और धर्म प्रभावना जारी रहे।
धर्मसभा में समाजश्रेष्ठी आकाश आलोक कोल, आनंद नवीन गोधा, हर्ष जैन, हुक्मकाका, शैलेष जैन, विजय धुर्रा, कमल जैन चैलेंजर, अरविंद और अखिलेश सोधिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
