Mihona पुलिस की दो स्थानों पर कार्रवाई, 1.250 किलो गांजा जब्त; दो आरोपी गिरफ्तार
एसपी सूरज वर्मा के निर्देशन में एसडीओपी प्रवीण त्रिपाठी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई, बिक्री के लिए गांजा ले जाने की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
भिंड। जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा के निर्देशन और लहार एसडीओपी प्रवीण त्रिपाठी के नेतृत्व में मिहोना थाना पुलिस ने अलग-अलग दो स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 1 किलो 250 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ लोग गांजा लेकर बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर मिहोना थाना पुलिस ने दबरेहा नहर की पुलिया के पास गोलू यादव को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 250 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। आरोपी गोलू यादव ग्राम अचलपुरा का निवासी बताया गया है।
इसी क्रम में पुलिस ने अचलपुरा क्षेत्र के राहावली रोड पर कार्रवाई करते हुए आनंद चंसोलिया (58), निवासी अचलपुरा को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से एक किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे वह कथित तौर पर बिक्री के लिए ले जा रहा था।
दो स्थानों पर कार्रवाई से मादक पदार्थ विक्रेताओं में हलचल
मिहोना थाना पुलिस की लगातार दो स्थानों पर हुई कार्रवाई से क्षेत्र में गांजे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की कोशिश तेज हुई है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद गुमठियों और बाइक के माध्यम से गांजे की कथित बिक्री करने वालों में भी हलचल की चर्चा है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है।
