कुक्षी पुलिस ने 6 घंटे में बरामद किए चोरी के ट्रैक्टर-ट्रॉली और स्कूटी, अलीराजपुर के जंगलों में ड्रोन से की सर्चिंग
CCTV फुटेज से ट्रैक किया बदमाशों का संभावित रूट, 8 लाख रुपये से अधिक का मशरूका बरामद; आरोपियों की तलाश जारी
कुक्षी। धार जिले की कुक्षी थाना पुलिस और निसरपुर चौकी पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर चोरी गए ट्रैक्टर, ट्रॉली और स्कूटी को बरामद कर लिया। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर संभावित मार्गों को ट्रैक किया और अलीराजपुर जिले के घने जंगलों में ड्रोन कैमरे की मदद से सर्चिंग अभियान चलाया। बरामद किए गए वाहनों की कुल कीमत 8 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को फरियादी हीरा मंडलोई ने निसरपुर पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात बदमाश उनके घर के सामने खड़े ट्रैक्टर और ट्रॉली को चोरी कर ले गए। इसके साथ ही घर के अंदर रखी टीवीएस स्कूटी भी चोरी हो गई थी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरी गए वाहनों की तलाश शुरू कर दी।
CCTV फुटेज से मिला सुराग, बनाई संयुक्त टीम
वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक धार सचिन कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार डावर और एसडीओपी सुनील कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर उन संभावित रास्तों की पहचान की गई, जिनसे चोरी किए गए वाहनों को ले जाया गया हो सकता था।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अलीराजपुर जिले के बोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गुंझेड़ी और बहेड़िया के जंगलों में सर्चिंग शुरू की।
घने जंगलों में ड्रोन कैमरे से सर्चिंग
जंगल का क्षेत्र घना और विस्तृत होने के कारण पुलिस ने वाहनों की तलाश के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। ड्रोन कैमरे से जंगल के विभिन्न हिस्सों में सर्चिंग की गई। इस अभियान में स्थानीय ग्रामीणों की भी मदद ली गई।
पुलिस की रणनीति सफल रही और करीब छह घंटे के भीतर चोरी गया ट्रैक्टर, ट्रॉली और टीवीएस स्कूटी बरामद कर ली गई। पुलिस के मुताबिक बरामद मशरूका की कुल कीमत 8 लाख रुपये से अधिक है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
चोरी किए गए वाहन बरामद होने के बाद पुलिस अब वारदात को अंजाम देने वाले अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है। आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में कुक्षी थाना प्रभारी दीपक कुमार चौहान, बाग थाना प्रभारी हीरू रावत, निसरपुर चौकी प्रभारी जयपाल बिल्लौरे, उपनिरीक्षक गिलदार बघेल, प्रधान आरक्षक प्रकाश भाभर, आरक्षक रविन्द्र और अर्जुन सहित संयुक्त पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्ट: नरेंद्र सिरवी | कुक्षी
दैनिक स्वराज वाणी
