इंदौर की इदरीस नगर बस्ती में जैन महिला परिषद ने 27 जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री बांटी। रंगोली प्रतियोगिता और गरबा के साथ दशहरे की खुशियां मनाईं।
इंदौर में जैन महिला परिषद ने 27 जरूरतमंद परिवारों में बांटी दशहरे की खुशियां, रंगोली और गरबा से सजी बस्ती
राजेश जैन दद्दू | दैनिक स्वराज वाणी, इंदौर
इंदौर। अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद की मेन शाखा इंदौर के अंजना संभाग ने मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए इदरीस नगर बस्ती के 27 जरूरतमंद परिवारों में दशहरे की खुशियां बांटीं। परिषद की सदस्याओं ने परिवारों को खाद्य एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की। इस दौरान महिलाओं और बच्चों के लिए रंगोली प्रतियोगिता तथा गरबा का आयोजन भी किया गया।
हर वर्ष नवमी पर होता है सेवा कार्य
परिषद द्वारा प्रतिवर्ष नवमी के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों की सहायता की जाती है। कार्यक्रम का शुभारंभ जैन धर्म के संदेश ‘जियो और जीने दो’ के साथ हुआ। सदस्याओं ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
पदाधिकारियों ने मिलकर किया सामग्री वितरण
कार्यक्रम में पूनम जैन ने आटा, तेल, शक्कर, चायपत्ती, मसाले, आलू, बिस्कुट और चिप्स सहित अन्य सामग्री उपलब्ध कराई। सुनीता पाटनी ने नमकीन और मिठाई का सहयोग दिया। वंदना जैन, रश्मि जैन, शोभना जैन, शीला जैन और मधु जैन ने टॉफी, बिस्कुट तथा अन्य सामग्री वितरित की
पुष्पा जैन ने राजगिरी के लड्डू और अल्पना जैन ने बस्तीवासियों के लिए चाय, कॉफी तथा भेल के नाश्ते की व्यवस्था की।
रंगोली प्रतियोगिता और गरबा ने बढ़ाया उत्साह
बस्ती की महिलाओं के लिए घरों के बाहर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। आकर्षक रंगोली बनाने वाली महिलाओं को पूनम जैन ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं और बच्चों ने सामूहिक गरबा कर उत्सव का आनंद लिया।
इस अवसर पर संभाग अध्यक्ष मुक्ता जैन, प्रांतीय पदाधिकारी पुष्पा काला, स्मृति जैन सहित परिषद की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।
केंद्रीय अध्यक्ष शकुंतला जैन और प्रांतीय अध्यक्ष माधवी जैन ने अंजना संभाग की टीम के सेवा कार्य की सराहना की। जैन समाज ने इस पहल को ‘सेवा ही सच्ची पूजा है’ का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।

