5 दिवसीय कार्य सप्ताह सहित लंबित मांगों को लेकर बैंककर्मियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल। इंदौर में करीब 4,000 बैंककर्मियों के हड़ताल पर रहने और ₹2.57 लाख करोड़ से अधिक बैंकिंग प्रभावित होने का दावा।
इंदौर बैंक हड़ताल का बड़ा असर: 650 शाखाओं में काम ठप्प, ₹2.57 लाख करोड़ से अधिक बैंकिंग प्रभावित
इंदौर बैंक हड़ताल के कारण 11 सितंबर को बैंकिंग सेवाएं पूर्णतः ठप्प रहीं। 5 दिवसीय कार्य सप्ताह के समझौते पर अनुमोदन में ढाई वर्ष की देरी तथा लंबित मांगों का निराकरण नहीं किए जाने से क्रुद्ध देश के 8 लाख से अधिक बैंककर्मी राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल पर रहे। हड़ताल के कारण सभी 12 सार्वजनिक बैंकों, 13 संगठित निजी बैंकों, सहकारी बैंकों तथा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में बैंक सेवाएं प्रभावित रहीं।
बैंककर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर रैली, प्रदर्शन और सभा कर विरोध दर्ज कराया।
इंदौर बैंक हड़ताल में निकली रैली
इंदौर नगर में बैंककर्मी सांटा बाजार स्थित बैंक ऑफ इंडिया के समक्ष एकत्रित हुए और प्रदर्शन किया। इसके बाद बोहरा बाजार और सराफा होते हुए रैली के रूप में प्रिंस यशवंत रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के समक्ष पहुंचे। यहां बैंककर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारे लगाए।
हड़ताली महिला बैंककर्मियों की अधिकतम भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।
इंदौर की करीब 650 बैंक शाखाओं में नहीं हुआ काम
फोरम के संयोजक मोहन कृष्ण शुक्ला के अनुसार, इंदौर जिले की 848 बैंक शाखाओं में से लगभग 650 शाखाओं में काम नहीं होने के कारण ₹2,57,000 करोड़ से अधिक बैंकिंग प्रभावित हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 4,000 बैंककर्मी हड़ताल पर रहे।
प्रदेश में 8,707 शाखाओं में से लगभग 7,000 शाखाओं में हड़ताल रहने के कारण प्रदेश का लगभग ₹15 लाख करोड़ का बैंक व्यवसाय प्रभावित हुआ।
इन पदाधिकारियों ने किया बैंककर्मियों का नेतृत्व
घटक यूनियंस के पदाधिकारी कन्हैया पाटीदार, नवीन मोदी, पंकज पोरवाल, अरविंद पोरवाल, मीनेष कसेरा और सतीश जैन ने रैली में बैंककर्मियों का नेतृत्व किया। बैंकवाइज यूनियंस के प्रतिनिधियों ने भी जमकर नारेबाजी की।
अंत में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कन्हैया पाटीदार ने सभी को धन्यवाद देते हुए आगाह किया कि आने वाले कार्यक्रमों में भी इसी प्रकार की उपस्थिति तथा जोश बनाए रखना है। सभा का सफल संचालन रामदेव साइडीवाल ने किया।
रिपोर्ट: मोहनकृष्ण शुक्ला, संयोजक, यूएफबीयू-इंदौर
दैनिक स्वराज वाणी

