मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने धार जिले के बालक-बालिका छात्रावासों में मच्छरदानी उपलब्ध कराने के साथ फॉगिंग, लार्वा नियंत्रण और साफ-सफाई की प्रभावी व्यवस्था की मांग की।
धार के छात्रावासों में हर विद्यार्थी को मिले मच्छरदानी, डॉ. हीरालाल अलावा ने उठाई मांग
डेंगू-मलेरिया के खतरे पर जताई चिंता, फॉगिंग से लेकर लार्वा नियंत्रण तक व्यापक स्वास्थ्य सुरक्षा व्यवस्था की मांग
मनावर/धार। मनावर विधानसभा क्षेत्र सहित धार जिले के सभी बालक-बालिका छात्रावासों में प्रत्येक छात्र-छात्रा को तत्काल मच्छरदानी उपलब्ध कराने की मांग विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने उठाई है। उन्होंने छात्रावासों में मच्छर नियंत्रण और विद्यार्थियों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए व्यापक स्तर पर आवश्यक कदम उठाने की मांग भी की है।
डॉ. अलावा के अनुसार मनावर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बालक एवं बालिका छात्रावासों के निरीक्षण के दौरान यह स्थिति सामने आई कि विद्यार्थियों के लिए मच्छरदानी की व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। छात्रावासों में बड़ी संख्या में बच्चे सामूहिक रूप से निवास करते हैं, ऐसे में संक्रमण और मच्छरजनित बीमारियों से बचाव की पर्याप्त व्यवस्था आवश्यक है।
डेंगू-मलेरिया के मामलों को लेकर जताई चिंता
डॉ. अलावा ने कहा कि वर्षा ऋतु और उसके बाद मच्छरों के प्रजनन की परिस्थितियां बढ़ने से छात्रावासों के कई बालक-बालिकाएं डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों से गंभीर रूप से पीड़ित हुए तथा उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और अन्य मच्छरजनित बीमारियों का खतरा देखते हुए बीमारी फैलने के बाद केवल उपचार करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए पहले से प्रभावी रोकथाम व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
फॉगिंग और लार्वा नियंत्रण की भी मांग
विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने मांग की कि मनावर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे धार जिले के सभी बालक-बालिका छात्रावासों में विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में मच्छरदानियां उपलब्ध कराई जाएं।
इसके साथ प्रत्येक छात्रावास का तत्काल निरीक्षण कर नियमित फॉगिंग, लार्वा नियंत्रण, जल-जमाव समाप्त करने, साफ-सफाई तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर उन्हें नष्ट करने की कार्रवाई की जाए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और नगरीय एवं ग्रामीण निकायों के बीच समन्वय स्थापित करने की मांग की गई है।डॉ. अलावा ने इस विषय को छात्र-छात्राओं के जीवन, स्वास्थ्य और सुरक्षित आवासीय वातावरण से जुड़ा बताते हुए प्रशासन से सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का आग्रह किया है ।

