स्काउट-गाइड के एक दिवसीय शिविर में 55 कब-बुलबुल विद्यार्थियों ने लिया प्रशिक्षण
ध्वज शिष्टाचार, प्रार्थना, झंडा गीत और अभिनय गीत सहित विभिन्न स्काउट गतिविधियों की दी जानकारी
रिपोर्टर: मनीष कुमट
दैनिक स्वराज वाणी | झकनावदा। पीएम श्री विद्यालय झकनावदा के प्राथमिक विभाग परिसर में स्काउट-गाइड के अंतर्गत कब-बुलबुल विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यालय के लगभग 55 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रशिक्षण शिविर का संचालन जिला सहसचिव स्काउट-गाइड प्रदीप कुमार पंड्या ने किया। शिविर के शुभारंभ पर विद्यालय के प्राचार्य रमेश कुमार चौरसिया ने प्रशिक्षक प्रदीप पंड्या का विद्यालय का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। स्काउटर अंकित ने प्राचार्य को स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया। वहीं कब विद्यार्थी मोहित सोलंकी ने माध्यमिक विद्यालय के कैलाश कटारा का स्कार्फ पहनाकर स्वागत किया।
विद्यार्थियों ने सीखीं स्काउट गतिविधियां
प्रशिक्षक प्रदीप कुमार पंड्या ने विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड की विभिन्न गतिविधियों और नियमों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान ध्वज शिष्टाचार, विशाल गर्जना, प्रार्थना, झंडा गीत और अभिनय गीत सहित स्काउटिंग से जुड़ी सामान्य गतिविधियों का अभ्यास कराया गया।
विद्यार्थियों को अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, सामूहिक सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व भी समझाया गया। छात्र-छात्राओं ने सभी गतिविधियों में उत्साह के साथ भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
शिक्षिकाओं ने दिया विशेष सहयोग
शिविर को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं कलावती मकवाना, आरती मिस्त्री और दीपिका चौहान ने विशेष सहयोग दिया। विद्यालय परिवार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रशिक्षक और सभी सहयोगी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
जिला स्तरीय शिविर आयोजित करने का आग्रह
इस अवसर पर संकुल प्राचार्य ने जिला स्काउट कार्यालय से झकनावदा में जिला अथवा विकासखंड स्तरीय स्काउट-गाइड शिविर आयोजित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बड़े स्तर पर शिविर आयोजित होने से क्षेत्र के अधिक विद्यार्थियों को स्काउटिंग गतिविधियों से जुड़ने और प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में कब मास्टर हेमेन्द्र जोशी ने प्रशिक्षक प्रदीप कुमार पंड्या, प्राचार्य रमेश कुमार चौरसिया, सहयोगी शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
