*शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं ग्राम पंचायत सेमलिया बड़ा का कलेक्टर ने किया निरीक्षण*
झाबुआ, प्रतिनिधि मनीष कुमट। कलेक्टर Dr. Yogesh Bharsat ने बुधवार को ग्राम सेमलिया बड़ा पहुंचकर शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय, आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप स्वास्थ्य केन्द्र) एवं ग्राम पंचायत का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय, सेमलिया बड़ा में कक्षाओं का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रुचिकर तरीके से अध्ययन कराने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों में निरंतर सुधार हो सके। कलेक्टर ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के उपस्थिति रजिस्टर का भी अवलोकन कर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कक्षा में विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई का स्तर जाना तथा स्वयं भी विद्यार्थियों को पाठ पढ़ाकर उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने और नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया।

इसके पश्चात कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप स्वास्थ्य केन्द्र), सेमलिया बड़ा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, आवश्यक व्यवस्थाओं एवं रिकॉर्ड का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को आमजन को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सेमलिया बड़ा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा पंचायत स्तर पर अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए सभी कार्यों को पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ संपादित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे, यह सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
