तिथि नवाचार के तहत बच्चों के बीच पहुंचीं बीआरसी रेखा गिरि स्वामी
जन्मदिन पर वन कन्या आश्रम की छात्राओं को कराया भोजन, बांटी मिठाइयां और शिक्षा संबंधी नवाचारों की दी जानकारी
झकनावदा (मनीष कुमट)।। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा शिक्षा विभाग में शुरू किए गए तिथि नवाचार के तहत शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी अपने विशेष अवसर विद्यार्थियों के साथ मनाकर उन्हें प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसी क्रम में पेटलावद की बीआरसी श्रीमती रेखा गिरि स्वामी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर झकनावदा स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय वन कन्या आश्रम पहुंचकर छात्राओं के साथ अपना जन्मदिन मनाया।
इस दौरान उन्होंने छात्राओं के साथ समय बिताया और उनके लिए अपने स्वयं के खर्च से भोजन की व्यवस्था की। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के बीच अपनत्व की भावना बढ़ाने के साथ उन्हें प्रोत्साहित करना रहा।
छात्राओं को कराया स्वादिष्ट भोजन
जन्मदिन के अवसर पर बीआरसी रेखा गिरि स्वामी ने आश्रम की छात्राओं के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की। छात्राओं को सब्जी-पूड़ी, खीर सहित मिठाइयां परोसी गईं। बच्चों ने उत्साह के साथ भोजन किया।
इस दौरान बीआरसी रेखा गिरि स्वामी, शिक्षक हेमेन्द्र कुमार जोशी और मनीष कुमट ने भी छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया। अधिकारी द्वारा अपने विशेष दिन को विद्यार्थियों के बीच मनाने की पहल को बच्चों के लिए प्रेरणादायी बताया गया।
केक काटकर दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान आश्रम की अधीक्षिका श्रीमती कलावती, मुकेश मकवाना, शिक्षक राजेश एवं मनीष कुमट सहित अन्य उपस्थितजनों ने छात्राओं की मौजूदगी में बीआरसी रेखा गिरि स्वामी से केक कटवाया और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
छात्राओं ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुखद जीवन की कामना की। इस अवसर पर आश्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण रहा और छात्राओं ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी दी
जन्मदिन समारोह के साथ ही बीआरसी रेखा गिरि स्वामी ने छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न नवाचारों और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों की जानकारी दी।
उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन करने, अनुशासन बनाए रखने और शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न गतिविधियों और नवाचारों से जुड़ना भी आवश्यक है।
तिथि नवाचार से बच्चों में बढ़ रहा अपनत्व
तिथि नवाचार के माध्यम से अधिकारी एवं कर्मचारी अपने जन्मदिन या अन्य विशेष अवसरों को विद्यार्थियों के साथ साझा कर रहे हैं। इससे बच्चों में अधिकारियों और शिक्षकों के प्रति अपनत्व की भावना विकसित होने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिल रही है।
झकनावदा के वन कन्या आश्रम में आयोजित यह कार्यक्रम छात्राओं के लिए भी यादगार रहा। कार्यक्रम के दौरान आश्रम की छात्राएं, शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
