गणेशोत्सव एवं पर्युषण महापर्व को लेकर शांति समिति की बैठक, नियमों के पालन पर जोर
बम्हौरी। आगामी गणेशोत्सव एवं पर्युषण महापर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को थाना परिसर बम्हौरी में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं और आमजन के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करना रहा।

थाना प्रभारी प्रीतम सिंह राजपूत ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और यातायात सहित विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सभी आयोजक प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों और निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि गणेश उत्सव के दौरान लगाए जाने वाले पंडालों में वैधानिक बिजली कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा। बिजली के तारों के नीचे पंडाल नहीं लगाए जाएंगे। साथ ही उत्सव के दौरान आपत्तिजनक एवं उत्तेजक गानों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जुलूस और शोभायात्राएं निर्धारित मार्ग एवं प्रशासनिक नियमों के अनुसार ही निकाली जाएंगी।
बैठक में मौजूद नागरिकों ने भी त्योहारों को देखते हुए क्षेत्र में पर्याप्त साफ-सफाई, निर्बाध बिजली, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। नागरिकों ने कहा कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आमजन धार्मिक स्थलों पर पहुंचते हैं, इसलिए प्रशासन को व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष हरनाम पटेल, लक्ष्मण लोधी, पूर्व सरपंच चांद भाई, आशीष सोनी, व्यापार संघ अध्यक्ष विवेक जैन, सरपंच प्रतिनिधि राजेश बघेल, शाहिद अली, कमर पटेल, दिलीप गुप्ता, मिथुन लोधी, कौशल गुप्ता, तेज सिंह और एस.एम. नोमान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में सभी ने आगामी धार्मिक पर्वों को आपसी सद्भाव, शांति और भाईचारे के साथ मनाने तथा प्रशासन का सहयोग करने पर सहमति जताई।
