—Advertisement—

जिनेन्द्र भगवान के दर्शन से जागृत होते हैं शुभ भाव, आचार्यश्री उदारसागर ने सुनाया प्रेरक प्रसंग

Author Picture
Published On: 13 September 2026
WhatsApp Image 2026 09 13 at 2.21.28 PM 2

—Advertisement—

मुरैना के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर में आचार्यश्री उदारसागर महाराज ने जिनेन्द्र भगवान के दर्शन का महत्व बताया। मुनिश्री उपशांतसागर महाराज ने भजन और भोजन पर धर्मोपदेश दिया, वहीं महामस्तकाभिषेक के साथ चोरी के बाद बरामद चांदी के छत्रों की पुनः स्थापना की गई।

रिपोर्टर: मनोज जैन नायक

जिनेन्द्र भगवान के दर्शन से जागृत होते हैं शुभ भाव : आचार्यश्री उदारसागर

भगवान के वीतराग स्वरूप के दर्शन जीवन से राग-द्वेष कम करने की प्रेरणा देते हैं

मुरैना (मनोज जैन नायक)। जिनेन्द्र भगवान के दर्शन मात्र से मनुष्य के जीवन में शुभ भावों का जागरण होता है और वह आत्मकल्याण के मार्ग की ओर अग्रसर होता है। श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर में आयोजित धर्मसभा में चातुर्मासरत परम पूज्य आचार्य श्री 108 उदारसागर महाराज ने जिनेन्द्र भगवान के दर्शन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान के दर्शन केवल बाहरी क्रिया नहीं हैं, बल्कि उनके वीतराग स्वरूप को देखकर अपने जीवन में भी राग-द्वेष को कम करने की प्रेरणा लेना ही सच्चे दर्शन हैं।

जिनेन्द्र भगवान के दर्शन का महत्व समझाने के लिए सुनाया सेठ का प्रसंग

आचार्यश्री ने दर्शन के महत्व को समझाने के लिए एक सेठ का प्रेरक प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि एक नगर में दिगम्बर मुनिराज का आगमन हुआ। नगर के सभी लोग मुनिराज के दर्शन एवं प्रवचन का लाभ लेने पहुंचे। प्रवचन के पश्चात अनेक लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार मुनिराज से नियम ग्रहण किए। जब सेठ की बारी आई तो उसने कोई नियम लेने से इनकार कर दिया।

अंत में सेठ ने कहा कि उसके घर के सामने एक कुम्हार रहता है और उसके पास एक गधा है। वह प्रतिदिन सबसे पहले उठकर उस गधे के दर्शन करने का नियम लेगा। मुनिराज ने सेठ के इस नियम को भी स्वीकार कर लिया।

एक दिन कुम्हार सुबह-सुबह अपने गधे को लेकर जंगल चला गया। सेठ जब उठा तो उसे गधा दिखाई नहीं दिया। जानकारी मिलने पर पता चला कि गधा जंगल गया है। सेठ भी गधे के दर्शन करने जंगल पहुंच गया। वहां उसने कुम्हार को मिट्टी खोदते हुए देखा। उसी दौरान कुम्हार को जमीन में दबा हुआ खजाना मिल गया।

कुम्हार ने सोचा कि सेठ ने खजाना देख लिया है, इसलिए उसने सेठ से कहा कि इस खजाने को दोनों आधा-आधा बांट लेंगे। यह देखकर सेठ बहुत प्रसन्न हुआ। उसके मन में विचार आया कि यदि गधे के दर्शन के नियम से मुझे संसार का खजाना प्राप्त हो सकता है, तो जिनेन्द्र भगवान के दर्शन करने से जीवन में इससे भी बड़ा आत्मिक खजाना प्राप्त हो सकता है।

आचार्यश्री ने कहा कि यह प्रसंग हमें भगवान के दर्शन के प्रति श्रद्धा, नियमितता और भावना रखने की प्रेरणा देता है। संसार का धन-संपत्ति रूपी खजाना क्षणिक सुख दे सकता है, लेकिन जिनेन्द्र भगवान की आराधना और उनके बताए वीतराग मार्ग पर चलने से आत्मा के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। प्रसंग से प्रेरित होकर सेठ ने अंततः मुनिराज से नियम ग्रहण किया।

उन्होंने कहा कि मंदिर जाना और जिनेन्द्र भगवान के दर्शन करना तभी सार्थक है, जब उनके वीतराग स्वरूप से प्रेरणा लेकर हम अपने भीतर के राग, द्वेष, क्रोध, मान, माया और लोभ को कम करने का पुरुषार्थ करें। यही भगवान के दर्शन की वास्तविक फलश्रुति है।

भजन और भोजन दोनों जीवन के आधार : मुनिश्री उपशांतसागर

नगर में चातुर्मासरत मुनिश्री उपशांतसागर महाराज ने बड़े जैन मंदिर में धर्मसभा को संबोधित करते हुए “भजन और भोजन” विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मनुष्य के जीवन में भोजन शरीर को ऊर्जा देता है, जबकि भजन आत्मा को शांति और धर्म की दिशा प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि भोजन शरीर की आवश्यकता है, लेकिन भजन आत्मा की आवश्यकता है। भोजन कैसा हो, कितना हो और किस भावना से ग्रहण किया जाए, इसका प्रभाव हमारे शरीर और मन दोनों पर पड़ता है। इसी प्रकार हमारा भजन भी केवल शब्दों और गायन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसमें भगवान के गुणों का स्मरण और आत्मकल्याण की भावना होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जैन दर्शन हमें संयमित आहार और शुद्ध विचार का संदेश देता है। जिस प्रकार अशुद्ध भोजन शरीर को नुकसान पहुंचाता है, उसी प्रकार अशुद्ध विचार और विषय-कषाय आत्मिक जीवन को दूषित करते हैं। इसलिए भोजन में संयम और जीवन में भजन के साथ सम्यग्दर्शन, आत्मचिंतन और अहिंसा को स्थान देना चाहिए।

मुनिश्री ने कहा कि भोजन पेट भरता है, लेकिन भजन जीवन को सार्थक बनाता है। मनुष्य को स्वाद के पीछे नहीं, आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। यही जैन धर्म की सच्ची साधना है।

WhatsApp Image 2026 09 13 at 2.21.28 PM 1 WhatsApp Image 2026 09 13 at 2.21.28 PM

विधान, महामस्तकाभिषेक के साथ छत्रों की पुनः स्थापना

श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर में रिद्धि सिद्धि योग के शुभ अवसर पर श्री मुनिसुब्रतनाथ भगवान जी का महामस्तकाभिषेक, वेदी शुद्धि एवं चोरी हुए छत्रों की पुनः स्थापना की गई।

ज्ञात हो कि कुछ दिन पूर्व भगवान मुनिसुव्रतनाथ के सिर के ऊपर लगे चांदी के छत्र चोरी हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया था।

पूज्य आचार्यश्री उदारसागरजी महाराज एवं मुनिश्री उपशांतसागर महाराज के सान्निध्य एवं निर्देशन में प्रतिष्ठाचार्य पंडित महेंद्रकुमार शास्त्री, सह प्रतिष्ठाचार्य नवनीत शास्त्री एवं मनोज शास्त्री ने उन छत्रों को विधि-विधान पूर्वक मंत्रोच्चारण के साथ पुनः जिनेन्द्र प्रभु के सिर के ऊपर मोहित पारस जैन (तार वाले) के कर कमलों से स्थापित कराया।

भगवान मुनिसुव्रतनाथ महामस्तकाभिषेक में प्रथम कलश करने का सौभाग्य मूलचंद, मनीष, आकाश, पियूष जैन पोरसा परिवार को प्राप्त हुआ। शांतिधारा करने का सौभाग्य कमेटी के कोषाध्यक्ष वीरेंद्रकुमार, आकाश कुमार जैन जतवार का पुरा परिवार को प्राप्त हुआ।

निष्कर्ष

धर्मसभा में आचार्यश्री उदारसागर महाराज ने जिनेन्द्र भगवान के दर्शन को आत्मकल्याण और शुभ भावों के जागरण का माध्यम बताया, जबकि मुनिश्री उपशांतसागर महाराज ने भजन और भोजन के माध्यम से शरीर एवं आत्मा दोनों के संतुलन का संदेश दिया। मंदिर में महामस्तकाभिषेक, वेदी शुद्धि और चांदी के छत्रों की पुनः स्थापना भी विधि-विधान के साथ संपन्न हुई।

WhatsApp Image 2026 09 13 at 2.21.27 PM

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp