जयंत गोहे
ब्यूरो चीफ
बैतूल
भावभीनी विदाई में छलके सम्मान के भाव, हरदा स्थानांतरण पर एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया को दी गई आत्मीय विदाई
Amala । आमला अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) श्री शैलेन्द्र बड़ोनिया के हरदा स्थानांतरण के अवसर पर शुक्रवार को भवानी लॉन में भव्य एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों तथा नगर के गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
समारोह में श्री बड़ोनिया का शाल, श्रीफल, पुष्पमाला एवं स्मृति चिन्ह (सीनरी) भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर आमला तहसीलदार श्रीमती ऋचा कौरव सहित पुलिस विभाग, जनपद पंचायत, शिक्षा विभाग, पटवारी संघ, अधिवक्ता संघ, पत्रकार संघ, कोटवार संघ, नगर पालिका तथा तहसील के समस्त कर्मचारियों ने उन्हें आत्मीय शुभकामनाएं दीं और उनके कार्यकाल की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि श्री शैलेन्द्र बड़ोनिया ने आमला में पदस्थ रहते हुए प्रशासनिक कार्यों को संवेदनशीलता, ईमानदारी एवं तत्परता के साथ संपादित किया। उनके सरल व्यवहार और जनहितकारी कार्यों के कारण वे आमजन के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय रहे।
विदाई समारोह से पूर्व श्री बड़ोनिया ने गौशाला पहुंचकर गौ माता की पूजा-अर्चना की तथा गौ माता को हरियाली घास खिलाई। इस दौरान गौशाला सेवा समिति के सदस्यों ने भी उनका शाल एवं पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और भावभीनी विदाई दी।
भवानी लॉन में आयोजित इस समारोह में सभी अतिथियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। कार्यक्रम का वातावरण आत्मीयता, सम्मान और भावुकता से भरपूर रहा। उपस्थित लोगों ने श्री बड़ोनिया के उज्ज्वल भविष्य एवं नई पदस्थापना स्थल हरदा में सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
