दृष्टिकोण बदलते ही बदल जाती है जीवन की दिशा : मुनिश्री सुधासागर
बोले—धन मिले तो अहंकार नहीं, विवेक बढ़ना चाहिए; सामर्थ्य का उपयोग आत्मकल्याण, सेवा और धर्म में करें
मुनिश्री ने कहा कि मनुष्य को दिखावे और ढोंग का नहीं, बल्कि व्यवस्थित एवं सदाचारपूर्ण जीवन जीना चाहिए। वर्तमान समय में जिन जीवन मूल्यों से संस्कारित समाज का स्वप्न देखा जा रहा है, उनमें शांति, वात्सल्य, सद्भावना और करुणा का विशेष महत्व है। धर्म, समाज, संस्कृति और परिवार के प्रति जिम्मेदारी का भाव ही व्यक्ति के जीवन को वास्तविक रूप से समृद्ध बनाता है।
दृष्टि और भावना से निर्धारित होता है अनुभव
मुनिश्री ने कहा कि संसार में किसी वस्तु या परिस्थिति को केवल अच्छा अथवा बुरा मान लेना उचित नहीं है। हमारी दृष्टि और भावना ही उसके अनुभव को निर्धारित करती है। सम्यक दृष्टि रखने वाला व्यक्ति विरोधी में भी आत्मीयता देख सकता है।
ज्ञानी व्यक्ति किसी को अपना स्थायी शत्रु नहीं मानता। उसके जीवन और व्यवहार में मैत्री, विनम्रता तथा करुणा का भाव बना रहता है। जब मनुष्य अपनी सोच बदलता है तो उसके व्यवहार, संबंधों और जीवन की दिशा में भी सकारात्मक परिवर्तन आने लगता है।
एक गलत कर्म वर्षों की प्रतिष्ठा पर पड़ सकता है भारी
मुनिश्री ने कहा कि मनुष्य अपने जीवन में अनेक अच्छे कार्य करता है, पुण्य अर्जित करता है और समाज में प्रतिष्ठा बनाता है, लेकिन एक गंभीर गलत कर्म उसकी वर्षों की कमाई और प्रतिष्ठा को प्रभावित कर सकता है।
इसलिए मनुष्य को प्रत्येक कदम सोच-समझकर उठाना चाहिए। थोड़े समय का क्रोध, लोभ या अहंकार जीवनभर की साधना और सम्मान को नुकसान पहुंचा सकता है। व्यक्ति की वास्तविक पहचान केवल उसके शब्दों से नहीं, बल्कि उसके आचरण और कर्मों से होती है।
धन बुरा नहीं, उसके साथ बढ़ने वाला लोभ घातक
धन और पुण्य की चर्चा करते हुए मुनिश्री सुधासागर महाराज ने कहा कि धन बुरा नहीं है और पुण्य भी बुरा नहीं है। गृहस्थ जीवन में धन और संसाधनों की आवश्यकता होती है, लेकिन इनके साथ यदि लोभ, अहंकार, अत्यधिक भोग और अनुचित इच्छाएं बढ़ने लगें तो यही सामर्थ्य व्यक्ति के पतन का कारण बन सकता है।
उन्होंने कहा कि धन और पुण्य प्राप्त होने के बाद व्यक्ति को यह देखना चाहिए कि उसके भीतर इच्छाएं बढ़ रही हैं या धर्म एवं विवेक। सामर्थ्य का उपयोग यदि आत्मकल्याण, सेवा और धर्म के लिए किया जाता है तो जीवन सार्थक बनता है।
धर्मात्मा जीवनसाथी परिवार की सबसे बड़ी संपत्ति
मुनिश्री ने परिवारों को संदेश देते हुए कहा कि धर्मात्मा और ईमानदार जीवनसाथी परिवार की सबसे बड़ी संपत्ति होता है। यदि परिवार का पति, पिता, भाई या कोई अन्य सदस्य ईमानदारी से जीवन जीता है तथा गलत कमाई और अनैतिक साधनों से दूर रहता है, तो परिवार को उसकी आर्थिक सीमाओं की शिकायत करने के बजाय उस पर गर्व करना चाहिए।
दूसरों के बड़े मकान, महंगी गाड़ी और वैभव को देखकर अपने ईमानदार जीवनसाथी को कमतर नहीं आंकना चाहिए। कभी-कभी आर्थिक अभाव भी व्यक्ति को अनेक गलत कार्यों और अनुचित इच्छाओं से बचाने का माध्यम बन जाता है।
सामर्थ्य मिले तो पाप से बचने की शक्ति बढ़े
मुनिश्री ने श्रद्धालुओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में धन मिले तो अहंकार नहीं, विवेक बढ़ना चाहिए। पुण्य मिले तो भोग नहीं, धर्म बढ़ना चाहिए और सामर्थ्य मिले तो पाप करने की शक्ति नहीं, बल्कि पाप से बचने की शक्ति बढ़नी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जीवन की वास्तविक सफलता भौतिक साधनों की अधिकता में नहीं, बल्कि विचारों की पवित्रता, व्यवहार की सरलता और आचरण की शुद्धता में है।
मीडिया प्रभारी राजेश जैन दद्दू ने बताया कि धर्मसभा में आलोक, आकाश कोल, संजय पाटोदी, नवीन आनंद गोधा, अशोक दोषी, भूपेंद्र जैन, स्वदेश गुरुजी, अखिलेश सोधिया, गिरीश गिन्नी, विपुल बांझल, श्रीमती मुक्ता जैन, कुणाल सोहिता कासलीवाल, प्रीतम पूर्वा पाटनी, सविता पवन मोदी, ब्रह्मचारिणी सविता दीदी और ब्रह्मचारी पारस भैया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
