पड़ाना में कायस्थ समाज ने भगवान चित्रगुप्त जयंती श्रद्धा से मनाई। कलम-दवात पूजन, हवन, कथा, भंडारे और भजन संध्या का आयोजन हुआ।
पड़ाना में कायस्थ समाज ने की भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना, कलम-दवात का किया पूजन
हवन-पूजन के साथ चित्रगुप्त कथा का किया श्रवण, भजन संध्या और भंडारे का भी हुआ आयोजन
पड़ाना। कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया के अवसर पर बुधवार को पड़ाना नगर में कायस्थ समाज द्वारा अपने आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त की जयंती श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजजनों ने विधि-विधान से भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना कर कलम-दवात का पूजन किया और उनका स्मरण कर सुख-समृद्धि की कामना की।
वीरेंद्र सक्सेना ने बताया कि भगवान चित्रगुप्त को समस्त प्राणियों के पाप-पुण्य का लेखा-जोखा रखने वाला देवता माना जाता है। मान्यता है कि वे मनुष्य के कर्मों का लेखा रखते हैं और उसी के अनुसार उसे फल प्राप्त होता है। इस दिन कायस्थ समाज के लोगों ने अपने व्यवसाय एवं लेखन कार्य बंद रखकर कलम-दवात की पूजा की।
नगर में स्वर्गीय हरिनारायण सक्सेना (अध्यापक) के निवास पर भागवत आचार्य पंडित विष्णु प्रसाद भारद्वाज, नारायणगढ़-कोलूखेड़ा के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक हवन-पूजन संपन्न हुआ। इसके बाद समाजजनों ने भगवान चित्रगुप्त की कथा का श्रवण किया।
इस अवसर पर दिलीप सक्सेना, महेश सक्सेना, चंद्रेश सक्सेना, श्यामाबाई सक्सेना, सुनीता सक्सेना, किरणचंद्र सक्सेना, महेंद्र सक्सेना सहित समाज के अनेक लोगों ने पूजा-अर्चना में भाग लिया। आयोजन के दौरान भोजन भंडारे के माध्यम से प्रसादी का वितरण भी किया गया।
वहीं, गुरुवार शाम को स्वर्गीय हरिनारायण सक्सेना की स्मृति में मेड़तवाल धर्मशाला में भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें समाजजनों ने भक्ति गीतों के माध्यम से भगवान चित्रगुप्त का गुणगान किया। कार्यक्रम में प्रद्युम्न परमार, धर्मेंद्र सक्सेना, नरेंद्र सक्सेना, सचिन सक्सेना, विपिन सक्सेना, रूपाली सक्सेना, मनीष त्रिपाठी और रोशन गुप्ता सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
