अम्बाह में गणिनी आर्यिका संगममति माताजी के सानिध्य में सम्यक दर्शन रजत कलश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जैन समाज के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
श्रद्धा और भक्ति के साथ शामिल हुए जैन समाज के श्रावक-श्राविकाएं, मंत्रोच्चार के साथ दो परिवारों के निवास पर प्रतिष्ठित किए गए रजत कलश
दैनिक स्वराज वाणी
अम्बाह। धर्मनगरी अम्बाह में बुधवार को परम पूज्य गणिनी आर्यिका रत्न 105 श्री संगममति माताजी ससंघ के पावन सानिध्य में सम्यक दर्शन रजत कलश की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में सकल जैन समाज के श्रावक-श्राविकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
शोभायात्रा का शुभारंभ सुबह 9 बजे परेड जैन मंदिर से हुआ। चातुर्मास कलश स्थापना के पावन अवसर पर सम्यक दर्शन रजत कलश प्राप्त करने का सौभाग्य श्री रामकुमार जैन एवं श्री अमित जैन (सीमेंट वाले) परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं श्री मुकेश कुमार शौर्य जैन को भी रजत कलश प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।
शोभायात्रा परेड जैन मंदिर से प्रारंभ होकर वाटर वर्क्स मार्ग से होते हुए श्री रामकुमार जैन के निवास स्थान पहुंची। यहां विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ रजत कलश प्रतिष्ठित किया गया। इसके पश्चात शोभायात्रा श्री मुकेश कुमार शौर्य जैन के निवास पर पहुंची, जहां भी मंगल मंत्रोच्चार के साथ कलश की स्थापना की गई।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। धार्मिक जयकारों और भक्तिमय वातावरण से नगर धर्ममय हो गया। इस अवसर पर चातुर्मास कमेटी एवं सकल जैन समाज ने सभी सहभागी धर्मप्रेमियों का आभार व्यक्त किया। समाजजनों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन धर्म, संस्कार और सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
रिपोर्टर: पंकज जैन, अम्बाह
