राजगढ़ में राज्य मंत्री गौतम टेटवाल ने अत्याचार निवारण प्रकरणों की समीक्षा की। अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण और पीड़ितों को राहत देने के निर्देश दिए।
अत्याचार निवारण के प्रकरणों का समय-सीमा में करें निराकरण : राज्य मंत्री गौतम टेटवाल
राजगढ़ में समीक्षा बैठक आयोजित, पीड़ितों को समय पर राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
दैनिक स्वराज वाणी
राजगढ़, 11 नवंबर 2026। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. गौतम टेटवाल की अध्यक्षता में बुधवार को सर्किट हाउस, राजगढ़ में अत्याचार निवारण संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों की स्थिति, लंबित मामलों एवं उनके निराकरण की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री डॉ. टेटवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अत्याचार निवारण से जुड़े सभी प्रकरणों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ परीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय एवं राहत मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार पीड़ितों को मिलने वाली आर्थिक सहायता एवं अन्य राहत सुविधाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। किसी भी प्रकरण में अनावश्यक देरी या लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
राज्य मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने, लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा उनके शीघ्र निराकरण के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता पीड़ितों को न्याय दिलाना तथा अत्याचार निवारण संबंधी प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


