मुरैना के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन बड़े मंदिर में ऐलक श्री उत्साहसागर महाराज ने केशलोंच साधना की। जानिए जैन परंपरा में इसका धार्मिक महत्व।
ऐलक श्री उत्साहसागर महाराज ने की केशलोंच की कठिन साधना
दिगम्बर जैन परंपरा में त्याग, तपस्या और आत्मसंयम का प्रतीक है केशलोंच
दैनिक स्वराज वाणी
मुरैना (मनोज जैन नायक)। नगर के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़े मंदिर में विराजमान परम पूज्य आचार्य श्री 108 उदारसागर महाराज के शिष्य ऐलक श्री उत्साहसागर महाराज ने प्रातःकालीन वेला में केशलोंच की कठिन साधना संपन्न की।
दिगम्बर जैन साधु परंपरा में केशलोंच को आत्मसंयम, तप, त्याग और वैराग्य का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है। इस कठिन साधना में साधु बिना किसी उपकरण के अपने हाथों से सिर, दाढ़ी और मूंछों के बालों का त्याग करते हैं। इस प्रक्रिया में कैंची, रेजर, ट्रिमर या ब्लेड का उपयोग नहीं किया जाता।
जैन परंपरा के अनुसार साधु-संत सामान्यतः दो से तीन माह के अंतराल में केशलोंच करते हैं। इसे साधु जीवन के 28 मूल गुणों में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है। दीक्षा ग्रहण करते समय भी केशलोंच की प्रक्रिया संपन्न की जाती है।
केशलोंच केवल शारीरिक कष्ट सहने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि शरीर के प्रति मोह का त्याग, सहनशीलता, आत्मसंयम और वैराग्य की भावना को मजबूत करने वाली कठिन तपस्या है।
ऐलक श्री उत्साहसागर महाराज की इस साधना से श्रद्धालुओं को त्याग, संयम और आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिली।



