—Advertisement—

मुरैना: किसी का अधिकार दबाना भी चोरी, ईमानदारी की कमाई से किया गया दान ही सच्चा पुण्य: आचार्य उदारसागर महाराज

Author Picture
Published On: 10 November 2026
cbdca1ee 8905 4963 880b 2a10bbbee04b

—Advertisement—

मुरैना में आचार्य उदारसागर महाराज ने अचौर्याणुव्रत का महत्व समझाया। कहा कि किसी का अधिकार दबाना, बिजली चोरी और बिना अनुमति वस्तु लेना भी चोरी है। ईमानदारी की कमाई से किया गया दान ही सच्चा पुण्य है।

किसी का अधिकार दबाना भी चोरी, अचौर्याणुव्रत का उल्लंघन: आचार्य उदारसागर महाराज

ईमानदारी की कमाई से किया गया दान ही वास्तविक पुण्यार्जन का माध्यम, धर्मसभा में आत्मनिरीक्षण और नैतिक आचरण का दिया संदेश

दैनिक स्वराज वाणी

मुरैना (मनोज जैन नायक)। श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर, मुरैना में आयोजित धर्मसभा में परम पूज्य आचार्य श्री 108 उदारसागर महाराज ने श्रावकों के पांच अणुव्रतों में अचौर्याणुव्रत का महत्व समझाते हुए कहा कि चोरी केवल किसी का धन, आभूषण या कीमती वस्तु चुराना ही नहीं है, बल्कि किसी का अधिकार दबाना, बिना अनुमति दूसरे की वस्तु का उपयोग करना और अनुचित तरीके से संपत्ति प्राप्त करना भी चोरी की श्रेणी में आता है।

उन्होंने कहा कि मनुष्य शरीर की छोटी-सी तकलीफ जानने के लिए एक्स-रे कराता है, लेकिन अपनी आत्मा का निरीक्षण नहीं करता। क्रोध, मान, माया और लोभ जैसी कषायें मनुष्य के व्यक्तित्व को प्रभावित करती हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को समय-समय पर आत्मनिरीक्षण कर अपनी कमियों को दूर करने का प्रयास करना चाहिए।

दूसरों के दोष देखने से पहले स्वयं का आत्मनिरीक्षण जरूरी

आचार्य श्री ने कहा कि मनुष्य दूसरों की गलतियां आसानी से देख लेता है, लेकिन अपने भीतर छिपे दोषों को पहचानने का प्रयास नहीं करता। उन्होंने सागर मंथन से प्राप्त अमृत के प्रसंग के माध्यम से समझाया कि आत्मकल्याण का वास्तविक मार्ग आत्मसुधार से प्रारंभ होता है।

उन्होंने कहा कि मनुष्य का वास्तविक सौंदर्य बाहरी स्वरूप में नहीं, बल्कि उसके निर्मल विचारों, पवित्र आचरण और सद्भावना में होता है।

पराई वस्तु बिना अनुमति लेना भी चोरी

अचौर्याणुव्रत की व्याख्या करते हुए आचार्य श्री ने रत्नकरण्ड श्रावकाचार की गाथा 57 का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि किसी की अमानत, रास्ते में पड़ी वस्तु, भूलवश छूटी हुई संपत्ति अथवा छिपाकर रखे गए धन को बिना अनुमति ग्रहण करना चोरी है।

उन्होंने कहा कि स्वयं चोरी करना ही नहीं, बल्कि किसी दूसरे की चोरी में सहयोग करना भी अनुचित है। प्रत्येक श्रावक को परधन की इच्छा त्यागकर संतोष और ईमानदारी का जीवन अपनाना चाहिए।

बिजली चोरी और अधिकारों का हनन भी अचौर्यव्रत के विरुद्ध

आचार्य उदारसागर महाराज ने वर्तमान जीवन के उदाहरण देते हुए कहा कि बिजली चोरी करना, किसी का अधिकार दबाना या बिना अनुमति दूसरे की वस्तु का उपयोग करना भी अचौर्यव्रत के विरुद्ध है।

उन्होंने कहा कि चोरी छोटी हो या बड़ी, उससे व्यक्ति के नैतिक आचरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। अपनी मेहनत और ईमानदारी की कमाई से किया गया दान ही वास्तविक पुण्यार्जन का माध्यम है। अनुचित तरीके से अर्जित धन का दान करना सच्ची धार्मिक भावना का प्रतीक नहीं हो सकता।

धर्म केवल पूजा-पाठ नहीं, सदाचार भी आवश्यक: मुनि उपशांतसागर

धर्मसभा को संबोधित करते हुए परम पूज्य मुनि श्री 108 उपशांतसागर महाराज ने कहा कि धर्म केवल मंदिर आने, पूजा-पाठ करने और दान देने तक सीमित नहीं है। धर्म का वास्तविक स्वरूप व्यक्ति के दैनिक व्यवहार में ईमानदारी, संयम, नैतिकता और परोपकार के रूप में दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मेहनत की कमाई में संतोष रखना चाहिए और दूसरों की संपत्ति पर अनुचित अधिकार जमाने की भावना से बचना चाहिए।

शांतिविधान का हुआ आयोजन, श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ

धर्मसभा का संचालन एवं मंगलाचरण विद्वान नवनीत जैन शास्त्री ने किया। इस अवसर पर नेमीचंद, राकेश कुमार जैन, जितेंद्र कुमार, रितेश जैन एवं समस्त ट्रांसपोर्ट परिवार द्वारा चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन और शास्त्र समर्पण किया गया।

इसी परिवार के सौजन्य से श्री शांतिविधान का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने आचार्य श्री उदारसागर महाराज एवं मुनि श्री उपशांतसागर महाराज के मंगल प्रवचनों का लाभ लेकर धर्मलाभ अर्जित किया।

1120a6ab 59f9 4fe4 9251 0c8941bb1c25

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp