अयोध्या में जैन एकता का शंखनाद, 40 जातीय संगठनों के प्रतिनिधियों का राष्ट्रीय समागम
गणिनीप्रमुख ज्ञानमती माताजी ने संगठन मजबूत बनाने और जनगणना-2027 में जैन पहचान दर्ज कराने का किया आह्वान
अयोध्या। जैन समाज की एकता, संगठनात्मक शक्ति और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के उद्देश्य से अयोध्या में दिगंबर जैन सर्वजातीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। गणिनीप्रमुख पूज्य आर्यिका ज्ञानमती माताजी के 93वें जन्मोत्सव एवं 75वें संयम दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत हुए इस सम्मेलन में देशभर के लगभग 40 जातीय संगठनों के प्रतिनिधियों सहित एक हजार से अधिक समाजबंधुओं ने भाग लिया।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न जातीय संगठनों को सशक्त बनाना, संपूर्ण जैन समाज को एकता के सूत्र में जोड़ना, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना और सामाजिक गतिविधियों से दूर हो चुके समाजबंधुओं को फिर से समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
संगठन मजबूत होंगे, तभी सुरक्षित रहेगी सांस्कृतिक पहचान
पूज्य गणिनीप्रमुख आर्यिका ज्ञानमती माताजी ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि प्रत्येक जाति को अपना संगठन मजबूत बनाना चाहिए। संगठन सशक्त होंगे, तभी समाज की पहचान, परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रह सकेंगी।
महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पीठाधीश स्वस्तिश्री रवींद्रकीर्ति स्वामीजी ने कहा कि जातीय स्तर पर समाज की अलग-अलग पहचान हो सकती है, लेकिन संगठन और उद्देश्य की दृष्टि से सभी एक हैं। जैन धर्म की पहचान भी एक है और यही सर्वजातीय एकता का वास्तविक आधार है।
हसमुख गांधी और कार्यकर्ताओं का समन्वय सराहनीय
सम्मेलन के मीडिया प्रभारी राजेंद्र जैन महावीर ने बताया कि आयोजन को व्यापक स्वरूप देने में राष्ट्रीय अध्यक्ष पीठाधीश स्वस्तिश्री रवींद्रकीर्ति स्वामीजी का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। महासंघ के महामंत्री हसमुख जैन गांधी, इंदौर तथा डॉ. जीवन प्रकाश जैन ने समन्वयक के रूप में उल्लेखनीय योगदान दिया।
सम्मेलन में जैन समाज से दूर हो चुके समुदायों, विशेषकर सराक समाज सहित अन्य समाजबंधुओं को पुनः जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति केवल उसकी संख्या में नहीं, बल्कि एकजुटता और सांस्कृतिक जुड़ाव में भी निहित है। ऐसे समुदायों के इतिहास, परंपराओं और धार्मिक विरासत का तथ्यपरक अध्ययन कर उनसे संवाद स्थापित किया जाना चाहिए। नई पीढ़ी को जैन साहित्य, तीर्थंकरों के संदेश और सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराने के साथ सामाजिक गतिविधियों में सम्मानजनक भागीदारी देना भी जरूरी है।
जनगणना-2027 में धर्म के कॉलम में ‘जैन’ दर्ज कराने की अपील
सम्मेलन में आगामी जनगणना-2027 के दौरान जैन समाज की धार्मिक पहचान स्पष्ट रूप से दर्ज कराने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने बताया कि जनगणना-2011 में देश की जैन आबादी 44,51,753 दर्ज की गई थी, जबकि प्रतिनिधियों का मानना है कि जैन परंपरा से जुड़े लोगों की वास्तविक संख्या इससे अधिक हो सकती है।
समाजबंधुओं से अपील की गई कि जनगणना के दौरान जिनकी धार्मिक पहचान जैन है, वे धर्म संबंधी जानकारी देते समय संबंधित कॉलम में स्पष्ट रूप से ‘जैन’ दर्ज कराएं। इसके लिए देशभर में जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता भी बताई गई।
देशभर के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की सहभागिता
धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि सम्मेलन में जैनम फाउंडेशन दिल्ली, भारतवर्षीय दिगंबर जैन अग्रवाल महासभा, समग्र दिगंबर जैन बघेरवाल सामाजिक संस्था, दिगंबर जैन समाज चतुर्थ दक्षिण, दिगंबर जैन धाकड़ लाड जैन समाज महाराष्ट्र, अखिल भारतीय गंगेरवाल जैन सभा, अखिल भारतीय दिगंबर जैन गोलालारिय महासभा, अखिल भारतीय गोलापूर्व महासभा, अखिल भारतीय दिगंबर जैन गोल श्रेणीय महासभा, फेडरेशन ऑफ हुमड़ जैन समाज, जेसवाल मालवा सहित अनेक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
इसके अलावा अखिल भारतीय दिगंबर जैन जेसवाल उपरोचिया सेवा न्यास, दिगंबर जैन भारतवर्षीय उपरोचिया जेसवाल परिषद, अखिल भारतीय जेसवाल जैन महासभा, दिगंबर जैन कासार समाज संस्था, काम्बोज समाज, भारतवर्षीय खंडेलवाल दिगंबर जैन महासभा, अखिल भारतीय दिगंबर जैन कठनेरा परिषद, दिगंबर जैन खरोआ महासमिति, दिगंबर जैन लमेचू समाज, अखिल भारतीय दिगंबर जैन दसा नरसिंहपुरा संस्थान, दिगंबर जैन पद्मावती पोरवाल महासभा, अखिल भारतीय पालीवाल जैन महासभा, अखिल भारतीय पोरवाड़ समाज, अखिल भारतीय तारण तरण दिगंबर जैन महासभा न्यास, अखिल दिगंबर जैन सेतवाल संस्था, प्राच्य दिगंबर जैन सराक श्रमण समिति, दिगंबर जैन परवार समाज और अखिल भारतीय दिगंबर जैन बैरागी समाज सहित कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
सम्मेलन में उपस्थित प्रतिनिधियों ने इस पहल को जैन समाज की संगठनात्मक शक्ति को नई दिशा देने वाला कदम बताया। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि अयोध्या से उठी एकता की आवाज देशभर तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए जातीय संगठनों के बीच नियमित संवाद, युवाओं को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने, सराक समाज सहित बिछड़े समाजबंधुओं तक पहुंच बनाने और जनगणना-2027 को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
सम्मेलन ने जैन समाज को एकजुट करने, सांस्कृतिक पहचान सुरक्षित रखने और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया।
