बम्हौरी के ग्राम कुंडाली में वर्षों बाद भव्य कवि संगोष्ठी आयोजित। गुठेरिया मंदिर परिसर में हास्य और भावपूर्ण कविताओं ने श्रोताओं का मन मोह लिया।
दैनिक स्वराज वाणी | बम्हौरी, रायसेन
बम्हौरी। ग्राम कुंडाली में कई वर्षों के लंबे अंतराल के बाद भव्य कवि संगोष्ठी का आयोजन किया गया। गुठेरिया मंदिर परिसर में आयोजित इस साहित्यिक कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कवियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक चले कार्यक्रम में हास्य, भावनात्मक और सामाजिक संदेशों से भरपूर कविताओं की गूंज सुनाई दी।
मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं स्वागत कुलगीत के साथ किया गया। कवि संगोष्ठी का आयोजन शैलेन्द्र लोधी द्वारा वरिष्ठ कवि रामकुमार श्रीवास्तव ‘विमल’ रायसेन के मार्गदर्शन में किया गया। मंच संचालन भी शैलेन्द्र लोधी ने किया।
विभिन्न क्षेत्रों के कवियों ने दी प्रस्तुतियां
संगोष्ठी में बाड़ी, बरेली, उदयपुरा, देहगांव, बम्हौरी सहित आसपास के क्षेत्रों से आए कवियों ने काव्य पाठ किया। स्थानीय कवियों ने भी अपनी रचनाओं के माध्यम से साहित्यिक प्रतिभा का परिचय दिया।
वरिष्ठ कवि रामकुमार श्रीवास्तव ‘विमल’ ने अपनी प्रसिद्ध रचनाओं “जिस घर में बेटी जन्म लेती, वो घर बड़ा महान” और “मां तू करुणा का अवतार” प्रस्तुत कर श्रोताओं की सराहना प्राप्त की।
हास्य कविताओं पर गूंजे ठहाके
ग्राम के वरिष्ठ कवि रामभरोसे आचार्य एवं पंडित चंद्रशेखर शर्मा ने भी प्रभावशाली काव्य पाठ किया। वहीं हास्य कवियों की चुटीली रचनाओं पर श्रोताओं ने जमकर ठहाके लगाए।
कई वर्षों बाद आयोजित इस कवि संगोष्ठी ने ग्राम कुंडाली की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को नई ऊर्जा दी। आयोजन ने स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ साहित्य के प्रति लोगों की रुचि को भी प्रोत्साहित किया।


