बरगवां अमलाई वार्ड-1 में नाली निर्माण पर सवाल। सड़क पर कीचड़, कमजोर ढक्कन, पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने और तकनीकी लापरवाही के आरोप।
दैनिक स्वराज वाणी | संवाददाता मदन मोहन मिश्रा
बरगवां अमलाई। नगर परिषद बरगवां अमलाई के वार्ड क्रमांक-1 में चल रहा नाली निर्माण कार्य स्थानीय नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। वार्डवासियों ने निर्माण में लापरवाही, तकनीकी मानकों की अनदेखी और गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
सड़क पर कीचड़, आवागमन बाधित
नाली निर्माण के लिए सड़क किनारे खुदाई की गई है। निकाली गई मिट्टी सड़क पर डालने से कीचड़ और फिसलन बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बाइक सवार फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। घरों के सामने रास्ते बाधित होने से चारपहिया वाहनों का प्रवेश भी मुश्किल हो गया है।
निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल
वार्डवासियों का आरोप है कि बिना उचित लेआउट और जल निकासी व्यवस्था के निर्माण कराया जा रहा है। नाली के अंतिम छोर पर पानी निकासी की व्यवस्था स्पष्ट नहीं है। ढक्कनों में दरारें आने, नाली की ऊंचाई असमान होने और बेस में महज डेढ़ इंच ढलाई किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने का आरोप
निर्माण के दौरान मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत भी सामने आई है। आरोप है कि मरम्मत किए बिना पाइपलाइन के ऊपर ढलाई कर दी गई, जिससे पानी की बर्बादी हो रही है।
वार्डवासियों ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण की तकनीकी गुणवत्ता, स्वीकृत मापदंडों और जल निकासी व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही सड़क से मलबा हटाने, पाइपलाइन की मरम्मत और इंजीनियर की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है।


