नवकार कलश यात्रा नागदा: 21 सितंबर को निकलेगी भव्य यात्रा, 36 दिवसीय आराधना से भक्तिमय हुआ नगर
नागदा में गूंज रहा नवकार महामंत्र, 21 सितंबर को निकलेगी भव्य नवकार कलश यात्रा
36 दिवसीय नवकार कलश यात्रा में सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना
नागदा (जीवनलाल जैन)। नवकार कलश यात्रा नागदा के तहत राजा जन्मेजय की धर्मनगरी नागदा में “अहिंसा परमो धर्मः” के संदेश के साथ नवकार महामंत्र की आराधना का पावन आयोजन साध्वी श्री अईमव्रता श्रीजी आदि ठाणा-4 के पावन सान्निध्य एवं श्रीसंघ की उपस्थिति में जारी है। साध्वी श्री गुरुमया सागरानंद सूरिजी समुदायवर्ती परम पूज्य साध्वी श्री चिद्व्रता श्रीजी को समर्पित 36 दिवसीय नवकार महामंत्र से अभिमंत्रित नवकार कलश यात्रा का शुभारंभ 23 अगस्त 2026 को हुआ था।
21 सितंबर को निकलेगी नवकार कलश यात्रा
इसी क्रम में 21 सितंबर को 36 दिवसीय नवकार कलश यात्रा के अंतर्गत नवकार कलश यात्रा श्रद्धा एवं भक्ति के साथ निकाली जाएगी। प्रतिदिन नवकार कलश को लाभार्थी परिवारों के निवास पर ले जाया जा रहा है, जहां नवकार महामंत्र का जाप एवं आराधना की जा रही है। नगर में सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना को लेकर आयोजित इस धार्मिक आयोजन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
प्रतिदिन लाभार्थी परिवारों के यहां पहुंच रहा नवकार कलश
मीडिया प्रभारी ब्रजेश बोहरा ने बताया कि 36 दिवसीय नवकार कलश यात्रा के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग लाभार्थी परिवारों के यहां नवकार कलश ले जाया जा रहा है। नवकार महामंत्र से अभिमंत्रित कलश की उपस्थिति में श्रद्धालु महामंत्र का जाप एवं आराधना कर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं। यह यात्रा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक साधना, भक्ति एवं नवकार महामंत्र की आराधना से जोड़ने का माध्यम बन रही है।
नवकार कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को साध्वी भगवंतों की पगलियों का लाभ भी प्राप्त हो रहा है। यात्रा में श्रावक-श्राविकाओं की सहभागिता लगातार बनी हुई है तथा श्रद्धालु उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजन में शामिल हो रहे हैं।
श्री पार्श्व प्रधान पाठशाला भवन से शुरू होगी यात्रा
21 सितंबर को निकलने वाली नवकार कलश यात्रा नागदा श्री पार्श्व प्रधान पाठशाला भवन से प्रारंभ होकर आयोजन के लाभार्थी राजा रमेश जी कर्नावट परिवार, आर्य गार्डन, नागदा जंक्शन पहुंचेगी। यात्रा ढोल-धमाकों के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक निकाली जाएगी।
आयोजक श्वेतांबर मूर्तिपूजक जैन श्रीसंघ एवं चातुर्मास समिति ने समस्त श्रावक-श्राविकाओं से नवकार कलश यात्रा एवं नवकार महामंत्र जाप में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने का अनुरोध किया है।
नवकार महामंत्र
णमो अरिहंताणं।
णमो सिद्धाणं।
णमो आयरियाणं।
णमो उवज्झायाणं।
णमो लोए सव्व साहूणं।
