बरसते पानी के बीच गूंजे ‘गणपति बप्पा मोरिया’ के जयकारे, पांडालों में विराजे विघ्नहर्ता
प्राचीन बड़े गणेश मंदिर में चढ़ाया आकर्षक चोला, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई पूजा; बच्चों और युवाओं ने सजाईं मनमोहक झांकियां
रिपोर्टर: मनोज कुमार पुष्पद
पड़ाना। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 10 दिवसीय गणेशोत्सव का शुभारंभ सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को कम नहीं कर सकी। बरसते पानी के बीच नगर के मंदिरों और सार्वजनिक पांडालों में भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की गई। ढोल-नगाड़ों, धार्मिक गीतों और ‘गणपति बप्पा मोरिया’ के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया।
गणेश चतुर्थी के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर प्रथम पूज्य भगवान गणेश के दर्शन किए। नगर के विभिन्न मोहल्लों में बच्चों और युवाओं ने आकर्षक पांडाल एवं झांकियां सजाकर भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना की। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह बना रहा और निर्धारित शुभ मुहूर्त में पूजा-अर्चना के बाद गणपति प्रतिमाओं को विराजमान किया गया।
आसपास के गांवों में भी रही गणेशोत्सव की धूम
पड़ाना नगर के साथ मऊ, मगराना, रामपुरिया, आसारेटा पंवार, करौंदी, नारायणपुर और गुलावता सहित आसपास के गांवों में भी गणेशोत्सव का शुभारंभ धार्मिक उल्लास के साथ हुआ। गांवों के मंदिरों, सार्वजनिक स्थानों और मोहल्लों में स्थानीय समितियों तथा युवाओं ने गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की।
कई स्थानों पर श्रद्धालु भगवान गणेश की प्रतिमाओं को ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ स्थापना स्थल तक लेकर पहुंचे। महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया। आगामी 10 दिनों तक इन पांडालों में प्रतिदिन सुबह और शाम आरती, भजन, कीर्तन एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्राचीन बड़े गणेश मंदिर में चढ़ाया नयनाभिराम चोला
नगर के सदर बाजार में स्थित अति प्राचीन बड़े गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। भगवान श्री गणेश को आकर्षक एवं नयनाभिराम चोला चढ़ाया गया। मंदिर को फूलों और अन्य सजावटी सामग्री से सजाया गया था। भगवान गणेश का मनोहारी स्वरूप देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
दोपहर करीब 12 बजे झमाझम बारिश के बीच मंदिर के पुजारी और श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की महाआरती की। पंडित गौरव शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अजय माहेश्वरी और उनकी धर्मपत्नी से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कराई। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान गणेश का स्मरण किया।
पूजा और आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘गणपति बप्पा मोरिया’, ‘मंगलमूर्ति मोरिया’ तथा भगवान गणेश के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने विघ्नहर्ता भगवान गणेश से परिवार, नगर और क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा शांति की प्रार्थना की।
लड्डुओं का भोग लगाकर बांटी प्रसादी
महाआरती के बाद भगवान श्री गणेश को उनके प्रिय लड्डुओं का भोग लगाया गया। इसके पश्चात मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान गणेश के दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
श्रद्धालुओं ने कहा कि भगवान गणेश सभी प्रकार के विघ्नों को दूर कर भक्तों के जीवन में सुख, समृद्धि और शुभता प्रदान करते हैं। प्रत्येक शुभ एवं मांगलिक कार्य से पहले भगवान गणेश की आराधना की जाती है। इसी धार्मिक मान्यता के साथ गणेश चतुर्थी से शुरू होने वाले 10 दिवसीय उत्सव को पूरे क्षेत्र में विशेष उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
मोहल्लों में सजाए गए आकर्षक पांडाल
नगर के पटेल मोहल्ला, माली मोहल्ला, कंडारा मोहल्ला, पंवार मोहल्ला और आवास कॉलोनी सहित विभिन्न स्थानों पर आकर्षक पांडाल एवं झांकियां सजाई गईं। आयोजन समितियों ने पांडालों को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और धार्मिक सजावट से आकर्षक स्वरूप दिया है।
रात्रि करीब आठ बजे अलग-अलग पांडालों में विधि-विधान से भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना की गई। प्रतिमा स्थापना के बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक पूजा-अर्चना एवं आरती की। भगवान गणेश को लड्डुओं का भोग लगाया गया और उपस्थित भक्तों के बीच प्रसादी वितरित की गई।
बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह
गणेशोत्सव को लेकर नगर के बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। बच्चों ने कई दिनों पहले से पांडाल तैयार करने, झांकियां सजाने और गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की तैयारियां शुरू कर दी थीं। बारिश के बीच भी बच्चे उत्साहपूर्वक आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे रहे।
आगामी दिनों में पांडालों में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। आयोजन समितियों ने श्रद्धालुओं से प्रतिदिन होने वाली आरती और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने का आग्रह किया है।
इस अवसर पर ओमप्रकाश गुप्ता, गिरिराज गुप्ता, जीवन टेलर, सचिन गुप्ता और सतीश चौरसिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
