क्षमावाणी दिवस को राष्ट्रीय पर्व घोषित करने की मांग, राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा पत्र
प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय गृह मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय को भेजा प्रस्ताव; 27 सितंबर 2026 को प्रथम ‘राष्ट्रीय क्षमावाणी दिवस’ घोषित करने का आग्रह
राजेश जैन दद्दू की रिपोर्ट
नई दिल्ली, 15 सितंबर। राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर प्रतिवर्ष मनाए जाने वाले पावन ‘क्षमावाणी दिवस’ को आधिकारिक रूप से ‘राष्ट्रीय क्षमावाणी पर्व दिवस’ घोषित करने की मांग की है। संघ का कहना है कि क्षमा, अहिंसा, करुणा और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाले इस पर्व को राष्ट्रीय मान्यता मिलने से इसकी भावना देश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचेगी।
संघ के प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि यह पत्र प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय गृह मंत्रालय और केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय को भेजा गया है। इसमें आगामी 27 सितंबर 2026 को प्रथम ‘राष्ट्रीय क्षमावाणी दिवस’ के रूप में घोषित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया गया है।
सर्वधर्म सद्भाव और विश्व शांति का पर्व है क्षमावाणी
राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ के प्रमुख राकेश गोहिल और मयंक जैन ने कहा कि क्षमावाणी सर्वधर्म सद्भाव और विश्व शांति का पर्व है। संघ ने पत्र में उल्लेख किया कि भारत की सनातन सांस्कृतिक परंपरा ने संपूर्ण विश्व को अहिंसा, करुणा, सत्य और क्षमा जैसे शाश्वत मूल्यों का संदेश दिया है।
जैन धर्म के प्रमुख दशलक्षण और पर्युषण महापर्व की आत्म-साधना के पश्चात मनाया जाने वाला क्षमावाणी दिवस इन्हीं मानवीय मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का अवसर प्रदान करता है। इस दिन लोग अपने द्वारा जाने-अनजाने में हुई गलतियों के लिए एक-दूसरे से क्षमा मांगते हैं और दूसरों को क्षमा करने का संकल्प लेते हैं।
‘मिच्छामि दुक्कड़म्’ में समाहित है क्षमा का संदेश
वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. जैनेन्द्र जैन ने कहा कि क्षमावाणी का मूल मंत्र ‘मिच्छामि दुक्कड़म्’ है। इसका भावार्थ है कि मेरे द्वारा मन, वचन और कर्म से जाने-अनजाने में हुए समस्त अपराधों के लिए मैं हृदय से उत्तम क्षमा मांगता हूं और सभी को क्षमा करता हूं।
संघ के अनुसार यह भावना किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं है। क्षमा का भाव संपूर्ण मानवता के कल्याण, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और वैश्विक शांति का प्रतीक है। इसे राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करने से समाज में संवाद, सहिष्णुता और सद्भाव की भावना मजबूत होगी।
राष्ट्रीय मान्यता से होने वाले तीन प्रमुख लाभ बताए
संघ ने प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में राष्ट्रीय क्षमावाणी दिवस की मान्यता से होने वाले तीन प्रमुख लाभों का उल्लेख किया है।
1. युवाओं में नैतिक चेतना का जागरण: राष्ट्रीय दिवस का दर्जा मिलने पर देशभर के विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं में क्षमा संवाद, अहिंसा जागरूकता शिविर, सर्वधर्म सद्भाव सम्मेलन, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी। इससे नई पीढ़ी में नैतिक संस्कार और मानवीय मूल्यों का विकास होगा।
2. वर्तमान समय में राष्ट्रहित की पहल: समाज में बढ़ते वैचारिक मतभेद, तनाव और असहिष्णुता के वातावरण में क्षमा एवं अहिंसा की भारतीय परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करना प्रासंगिक और आवश्यक है।
3. विश्व को भारत का संदेश: राष्ट्रीय क्षमावाणी दिवस भारत की ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की अवधारणा को और अधिक सशक्त करते हुए विश्व के सामने शांति, क्षमा और सद्भाव का प्रभावी संदेश प्रस्तुत करेगा।
प्रधानमंत्री के पूर्व वक्तव्य का किया स्मरण
पत्र में संघ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसद में ‘मिच्छामि दुक्कड़म्’ की पवित्र भावना का उल्लेख किए जाने का स्मरण करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। संघ ने विश्वास जताया कि भारतीय संस्कृति के इस महान मूल्य को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए केंद्र सरकार सकारात्मक एवं ऐतिहासिक निर्णय लेगी।
राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ के केंद्रीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से आगामी 27 सितंबर 2026 को प्रथम ‘राष्ट्रीय क्षमावाणी दिवस’ घोषित करने का आग्रह किया है।
प्रेषक: राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ (पंजी.), भारत
राजेश जैन दद्दू, इंदौर
