मुनिश्री श्रेयांश सागर जी और बाल ब्रह्मचारी संत बसंत जी महाराज के सानिध्य में होंगे आयोजन, जैन मंदिरों में की जा रही विशेष साज-सज्जा
संवाददाता वैभव जैन मस्ताना
सिलवानी। जैन समाज के प्रमुख धार्मिक पर्वों में शामिल दशलक्षण महापर्व को लेकर सिलवानी नगर के जैन समुदाय में विशेष उत्साह बना हुआ है। दस दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के दौरान नगर के जैन मंदिरों में धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पर्व को भव्य एवं श्रद्धापूर्वक मनाने के लिए समाज द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसरों में विशेष साफ-सफाई और आकर्षक साज-सज्जा की जा रही है।
दशलक्षण महापर्व जैन समाज में नियम, संयम, तप, त्याग और आत्मशुद्धि का विशेष पर्व माना जाता है। इस दौरान समाजजन सांसारिक मोह-माया और हिंसात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहकर पूजा-पाठ, व्रत, उपवास, स्वाध्याय और धार्मिक साधना में समय व्यतीत करते हैं। दस दिनों तक प्रतिदिन धर्म के अलग-अलग लक्षण की आराधना की जाती है।
मुनिश्री श्रेयांश सागर जी का मिलेगा सानिध्य
इस वर्ष दशलक्षण महापर्व के दौरान सकल दिगंबर जैन समाज को मुनिश्री श्रेयांश सागर जी महाराज का मंगल सानिध्य प्राप्त होगा। मुनिश्री के सानिध्य में मंदिर में अभिषेक, शांतिधारा, पूजन, विधान, स्वाध्याय और धर्मसभा सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महापर्व के प्रत्येक दिन मुनिश्री श्रेयांश सागर जी महाराज की मंगल देशना का लाभ भी श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। उनके प्रवचनों के माध्यम से धर्म, संयम, आत्मकल्याण और दशलक्षण धर्म के महत्व को समझाया जाएगा।
तारण तरण जैन चैत्यालय में भी होंगे आयोजन
नगर स्थित तारण तरण जैन चैत्यालय में बाल ब्रह्मचारी संत श्री बसंत जी महाराज के मंगल सानिध्य में दशलक्षण महापर्व मनाया जाएगा। यहां भी दस दिनों तक पूजा-पाठ, स्वाध्याय, आरती, प्रवचन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। संत श्री बसंत जी महाराज के मंगल प्रवचनों का लाभ समाजजन प्राप्त करेंगे।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित
महापर्व के दौरान दोनों जैन मंदिरों में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ समाज के बच्चों, युवाओं और महिलाओं के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को जैन धर्म के सिद्धांतों, संस्कारों और दशलक्षण धर्म के महत्व से परिचित कराया जाएगा।
समाज के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं द्वारा सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जैन समाज ने सभी श्रद्धालुओं से दस दिवसीय धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।
दशलक्षण धर्म के दस स्वरूप
दशलक्षण महापर्व में उत्तम क्षमा, उत्तम मार्दव, उत्तम आर्जव, उत्तम शौच, उत्तम सत्य, उत्तम संयम, उत्तम तप, उत्तम त्याग, उत्तम आकिंचन्य और उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म की आराधना की जाती है। ये दस धर्म आत्मा को विकारों से मुक्त कर आत्मकल्याण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

