ग्वालियर में 16 सितंबर से शुरू होगा पर्युषण महापर्व, 85 जैन मंदिरों में विशेष सजावट
ग्वालियर। जैन धर्म का प्रमुख पर्युषण महापर्व इस वर्ष 16 से 25 सितंबर तक श्रद्धा, संयम और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। आत्म साधना पावन वर्षायोग चातुर्मास समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम आचार्य श्री चैत्य सागर महाराज एवं मुनि श्री अनुमान सागर महाराज के ससंघ सान्निध्य में नई सड़क स्थित चंपाबाग धर्मशाला में होंगे। इस दौरान दस लक्षण विधान पूजन के साथ जैन सामाजिक संस्थाओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
जैन समाज के प्रवक्ता सचिन जैन ने बताया कि आचार्य श्री चैत्य सागर महाराज, मुनि श्री अनुमान सागर महाराज एवं प्रतिष्ठाचार्य पंडित डॉ. आनंद प्रकाश शास्त्री के मार्गदर्शन में पर्युषण महापर्व के दस दिनों तक श्रद्धालु धार्मिक गतिविधियों में शामिल होंगे। महिला, पुरुष और बच्चे दसलक्षण महामंडल विधान में भगवान जिनेंद्र का अभिषेक एवं शांतिधारा करेंगे। विधान मंडप में विशेष पूजन-अर्चना कर महाअर्घ्य समर्पित किया जाएगा।
पर्युषण के दौरान स्वाध्याय, प्रतिक्रमण, ध्यान और आत्मचिंतन के माध्यम से आत्मकल्याण की साधना की जाएगी। शाम के समय भक्तामर महाअर्चना,
गुरु भक्ति और भगवान की आरती होगी। इसके बाद विभिन्न जैन सामाजिक संस्थाओं की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

85 जैन मंदिरों में विशेष सजावट
पर्युषण महापर्व को लेकर ग्वालियर शहर के 85 दिगंबर जैन मंदिरों में साफ-सफाई और विशेष सजावट की गई है। मंदिरों को फूलों और आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है। भगवान जिनेंद्र की प्रतिमाओं के समक्ष दस धर्मों की पूजा को दर्शाती विशेष रंगोलियां भी बनाई गई हैं।
समाज के श्रावक-श्राविकाएं इन मंदिरों में प्रतिदिन भगवान जिनेंद्र का अभिषेक, विशेष पूजा-अर्चना, आराधना, तप और ध्यान करेंगे। दसों दिनों में दस धर्मों की विशेष आराधना पर जोर रहेगा। रात्रि में आरती, शास्त्र प्रवचन और बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
पर्युषण महापर्व के दौरान जैन समाज में आत्मचिंतन, संयम, तप, ध्यान और क्षमा को विशेष महत्व दिया जाता है। श्रद्धालु अपनी दिनचर्या को संयमित करते हुए मन, वचन और कर्म की शुद्धि पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
समापन पर निकलेगी रथयात्रा
पर्युषण महापर्व के समापन पर क्षमावाणी पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के प्रमुख जैन मंदिरों से वार्षिक मेले के साथ पालकी एवं रथयात्रा शोभायात्रा निकाली जाएगी। गाजे-बाजे के साथ निकलने वाली इस शोभायात्रा में जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
आयोजन समिति के अनुसार, दस दिवसीय पर्व के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में धर्म, संयम, सद्भाव और आत्मकल्याण का संदेश दिया जाएगा।
