बाजार 4 दिन बंद रहा, युवा 6 घंटे सड़क पर बैठे… अब बम्हौरी PHC को मिलेगा स्थायी डॉक्टर
जावेद खान की मौत के बाद फिर उठे स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा- 7 दिन में ज्वाइन करेंगे डॉ. निखिल जैन
बम्हौरी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हौरी में स्थायी डॉक्टर की लंबे समय से चली आ रही मांग के बीच अब ग्रामीणों के लिए राहत की खबर सामने आई है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी रायसेन डॉ. दिनेश खत्री के अनुसार बम्हौरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. निखिल जैन की स्थायी नियुक्ति की गई है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर आगामी सात दिनों में पदभार ग्रहण कर सकते हैं। साथ ही क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर करने की बात भी कही गई है।
यह जानकारी ऐसे समय सामने आई है, जब शनिवार को बम्हौरी निवासी युवा जावेद खान की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत के बाद ग्रामीणों में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर फिर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नियमित डॉक्टर की उपलब्धता लंबे समय से उनकी प्रमुख मांग रही है।
चार दिन बाजार बंद, छह घंटे सड़क पर प्रदर्शन
ग्रामीणों के अनुसार बम्हौरी में डॉक्टर की मांग को लेकर जनवरी में लगातार चार दिनों तक बाजार बंद रखा गया था। इसके बाद भी स्थायी व्यवस्था नहीं होने पर क्षेत्र के युवाओं ने सड़क पर बैठकर करीब छह घंटे तक प्रदर्शन किया था।
ग्रामीणों का कहना है कि आंदोलन के दौरान अधिकारियों की ओर से डॉक्टर की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया गया था। कुछ समय के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में व्यवस्था हुई, लेकिन बाद में स्थिति फिर पहले जैसी होने का दावा ग्रामीणों ने किया।
84 गांवों के लिए महत्वपूर्ण है बम्हौरी PHC
ग्रामीणों के मुताबिक बम्हौरी का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आसपास के करीब 84 गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बरेली, सिलवानी या रायसेन ले जाना पड़ता है, जिनकी दूरी करीब 20 से 60 किलोमीटर तक बताई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गंभीर मरीज की स्थिति में समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर डॉक्टर और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध होने से मरीज को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकती है और आगे के उपचार के लिए समय पर रेफर किया जा सकता है।
जावेद की मौत के बाद फिर उठे सवाल
शनिवार को युवा जावेद खान की तबीयत बिगड़ने के बाद हुई मौत ने क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज कर दी। ग्रामीणों ने इस घटना के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नियमित डॉक्टर और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत पर जोर दिया।
ग्रामीणों ने पहले हुई कुछ अन्य मौतों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। उनका कहना है कि मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए बम्हौरी PHC में पर्याप्त चिकित्सा व्यवस्था जरूरी है।
अब स्थायी डॉक्टर की नियुक्ति से उम्मीद
ग्रामीणों ने बताया कि डॉक्टर की मांग को लेकर कई बार आंदोलन और अधिकारियों के सामने ज्ञापन एवं चर्चा की गई। अब जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. निखिल जैन की स्थायी नियुक्ति की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खत्री ने बताया कि बम्हौरी PHC में डॉ. निखिल जैन की स्थायी नियुक्ति की गई है। उनके अनुसार, सात दिनों के भीतर डॉक्टर की ज्वाइनिंग होने की संभावना है और स्वास्थ्य सुविधाओं को भी बेहतर किया जाएगा।
अब देखना होगा कि डॉक्टर के पदभार संभालने के बाद बम्हौरी और आसपास के 84 गांवों के लोगों को नियमित चिकित्सा सुविधा कितनी प्रभावी तरीके से मिल पाती है। ग्रामीणों की मांग है कि नई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नियमित डॉक्टर और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं लगातार उपलब्ध रहें।v
