पर्युषण पर्व पर नागदा के श्री शांतिनाथ जिनालय में भगवान महावीर का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। साध्वीश्री अहर्मव्रता श्रीजी म.सा. की निश्रा में जन्मवाचन हुआ और चतुर्विध संघ पालना लेकर लाभार्थी परिवार के घर पहुंचा।
पालने में झूले महावीर, ‘वीर जन्मे’ के जयघोष से गूंजा शांतिनाथ जिनालय
अक्षत वर्षा कर मनाया भगवान महावीर का जन्मोत्सव, वाजते-गाजते पालना लेकर लाभार्थी परिवार के घर पहुंचा चतुर्विध संघ
रिपोर्ट: जीवनलाल जैन, नागदा
नागदा। भगवान महावीर जन्मोत्सव नागदा में पर्युषण पर्व के पावन अवसर पर रविवार को जैन कॉलोनी स्थित श्री शांतिनाथ जिनालय में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। चातुर्मास के लिए विराजित पूज्य साध्वीश्री अहर्मव्रता श्रीजी म.सा. एवं साध्वीश्री की पावन निश्रा में आयोजित वीर जन्मवाचन समारोह में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने सहभागिता की।
भगवान महावीर के जन्मवाचन के साथ ही श्रद्धालुओं ने अक्षत वर्षा कर प्रभु को वधाया। इस दौरान ‘कुंडलपुर में बधाई, नगरी में वीर जन्मे’ जैसे मधुर मंगल गीतों और जयघोष से पूरा पंडाल गूंज उठा।
भगवान महावीर जन्मोत्सव नागदा में वार्षिक चढ़ावे
ट्रस्ट कोषाध्यक्ष निलेश पगारिया ने बताया कि प्रतिवर्ष पर्युषण पर्व के छठे दिवस बीज के दिन युगप्रभावक गुरुदेव पुण्यसम्राट श्रीमद् विजय जयन्तसेन सूरीश्वरजी महाराजा की प्रेरणा से निर्मित श्री शांतिनाथ जिनालय में भगवान महावीर का जन्मोत्सव मनाया जाता है। पर्युषण पर्व के अवसर पर मंदिरजी में आकर्षक साज-सज्जा की गई।
जन्मवाचन समारोह के दौरान शांतिनाथ जिनालय में अष्टप्रकारी पूजन की वार्षिक बोलियां एवं अन्य चढ़ावे भी बोले गए। विधिकारक हेमंत कांकरिया ने विधि-विधानपूर्वक जाजम कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके पश्चात श्वेताम्बर मूर्तिपूजक जैन श्री संघ नागदा अध्यक्ष मनीष सालेचा ओरा, सचिव हर्षित नागदा, मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष बृजेश बोहरा, सचिव दिनेश चौरड़िया, चातुर्मास समिति अध्यक्ष शरद आंचलिया एवं सकल श्री संघ अध्यक्ष व भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष राजेश धाकड़ ने भगवान महावीर के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसके बाद वार्षिक चढ़ावे हुए। सर्वाधिक चढ़ावे केसर पूजन का लाभ भंवरलाल-अमिष कुमार गांग परिवार ने लिया। भगवान के मुनीमजी बनने, पालना जी के लाभ, आज की आंगी तथा धूप पूजन व नवीन चढ़ावे अखंड दीपक का लाभ कांतीलाल-सौभाग्यमल गेलड़ा परिवार ने लिया।
पूज्य साध्वीश्री अहर्मव्रता श्रीजी म.सा. ने श्रीसंघ को भगवान महावीर के जन्म का वाचन श्रवण करवाया। साध्वीश्री ने जिनालय में तन-मन-धन से सेवा दे रहे समस्त संघ सदस्यों एवं ट्रस्टियों की अनुमोदना की।
मधुर भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण
भगवान महावीर जन्मोत्सव नागदा के कार्यक्रम में सुरेश नाहटा, सुनील वागरेचा, अभिषेक कोलन, आशीष चौधरी, आयुष बोहरा, सोनव वागरेचा एवं मुकेश बोहरा ने संगीतमय चढ़ावे करवाए। महावीर संगीत मंडल द्वारा पर्युषण पर्व के दौरान प्रतिदिन रात्रि भव्य प्रभु भक्ति की जा रही है। भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु भगवान महावीर की आराधना में लीन नजर आए।
आरती के पश्चात समस्त चतुर्विध संघ वाजते-गाजते पालना जी के लाभार्थी गेलड़ा परिवार के गृह निवास जैन कॉलोनी पर पहुंचा, जहां परिवार की ओर से संघ पूजा की गई।
सेवा देने वाले भक्तों की अनुमोदना
श्री राजेन्द्र सूरि जैन ज्ञान मंदिर ट्रस्ट की ओर से मंदिरजी में साज-सज्जा का लाभ लेने वाले लाभार्थी अभय बोहरा (जैन टेंट हाउस), डेकोरेशन के लिए शरद जैन (गबुल) सहित पर्युषण पर्व के दौरान प्रतिदिन समाज के कलाकारों द्वारा की गई भव्य अंगरचना के कलाकारों एवं पुजारीजी की भावपूर्ण अनुमोदना की गई।
मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष बृजेश बोहरा ने जिनालय में वर्षभर नि:शुल्क प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सेवा देने वाले सभी भक्तों की खूब-खूब अनुमोदना की। उन्होंने समाजजनों द्वारा धार्मिक आयोजनों में दिए जा रहे सहयोग की सराहना की।
जन्मोत्सव कार्यक्रम के पश्चात जिनालय ट्रस्टियों एवं सुमतिलालजी-सुरेंद्र कुमारजी मेहता परिवार द्वारा प्रभावना का लाभ लिया गया। कार्यक्रम का संचालन मनोज वागरेचा ने किया।
कार्यक्रम में जिनालय ट्रस्टियों सुभाष गेलड़ा, दिलीप ओरा, राजकुमार भारतीय, कमलेश नागदा, करुणेश बोहरा, सुशील सकलेचा, विजय मेहता, मनोज ओरा, सुरेश जैन, दिलीप गांधी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।


