धार के निसरपुर क्षेत्र में खंडवा-बड़ौदा मार्ग पर दो चार पहिया वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 9 लोग घायल हुए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई गई है।
खंडवा-बड़ौदा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, दो वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत में 9 घायल
पिपलिया घाटी के पास जोरदार टक्कर में एक वाहन पलटा, तीन घायलों की हालत गंभीर; आठ को बड़वानी जिला अस्पताल किया रेफर
रिपोर्ट: कौशिक पण्डित | मनावर, जिला धार | दैनिक स्वराज वाणी
निसरपुर/धार। खंडवा-बड़ौदा मार्ग पर सड़क हादसे में दो चार पहिया वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा निसरपुर क्षेत्र की पिपलिया घाटी के पास खंडवा-बड़ौदा मार्ग क्रमांक 26 पर हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि एक वाहन पलट गया, जबकि दूसरा वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो महिलाओं सहित कुल 9 लोग घायल हुए हैं। चिकित्सक के अनुसार तीन घायलों की हालत गंभीर है।
बताया जा रहा है कि एक वाहन बड़वानी से निसरपुर की ओर आ रहा था। वाहन में सवार लोग बाजार-हाट के बाद वापस लौट रहे थे। वहीं दूसरा वाहन निसरपुर से बड़वानी की ओर जा रहा था। पिपलिया घाटी के बीच दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
खंडवा-बड़ौदा मार्ग हादसे में ये 9 लोग घायल
हादसे में चेका पति भवा निवासी फूलमाल, इकरा पिता भदा निवासी फूलमाल, चन्द्रसिंह पिता भुवानसिंह निवासी मेहलगांव, अशोक पिता सुरेश निवासी ककराना, भदा पिता नरसिंह निवासी फूलमाल, दूरवान पिता नरसिंह निवासी फूलमाल, रोहित पिता संतोष निवासी निसरपुर, अजय पिता राहुल निवासी निसरपुर और अनिता पति संतोष निवासी निसरपुर घायल हुए।
घायलों को तत्काल निसरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। ड्यूटी डॉक्टर राहुल गवली ने बताया कि तीन मरीज गंभीर रूप से घायल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद आठ मरीजों को दो 108 एम्बुलेंस से बड़वानी जिला अस्पताल रेफर किया गया।
स्वास्थ्यकर्मियों ने दिया तत्काल उपचार
नर्सिंग ऑफिसर रंजना बर्मन, मिंटी मसराम, अश्विनी, हर्षित कुमावत तथा वार्ड बॉय श्रीराम चौहान और चिमलसिंह डावर ने घायलों का तत्काल प्राथमिक उपचार किया।
हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
