जैन मिलन युगल आदि-पार्श्व ने रोपे 81 पौधे, बच्चों को दिलाई पौधों की रक्षा की शपथ
श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर गुलाब चंद की बगीची, थाटीपुर में हुआ वृक्षारोपण कार्यक्रम
ग्वालियर। जैन मिलन युगल आदि-पार्श्व द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति सामाजिक दायित्व के निर्वहन के उद्देश्य से रविवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, गुलाब चंद की बगीची, थाटीपुर में संपन्न हुआ। इस दौरान संस्था की ओर से विभिन्न प्रजातियों के कुल 81 पौधे रोपे गए। जैन मिलन युगल आदि-पार्श्व ने इस आयोजन को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।
नीम, आम, तुलसी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे
जैन समाज के प्रवक्ता सचिन जैन ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय प्रचार-प्रसार अध्यक्ष राजेश जैन (बंटी) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय अध्यक्ष महेन्द्र जैन, क्षेत्रीय मंत्री कमलेश जैन, क्षेत्रीय संयोजक संजीव जैन तथा मंदिर कमेटी अध्यक्ष जयकुमार जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष भरत भारती जैन ने की।
जैन मिलन युगल आदि-पार्श्व द्वारा कार्यक्रम के दौरान 81 पौधों का रोपण किया गया। इनमें नीम, गुलाब, आम, मोगरा, जड़ी-बूटी, तुलसी और गुलमोहर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल रहे।
शाखा सदस्यों और समाजजनों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
इस अवसर पर जैन मिलन युगल आदि-पार्श्व के कार्यक्रम संयोजक इंजी. सुभाष रेखा जैन, पियूष सोनल सिंघई, डॉ. सुशांत मेद्या जैन, मंत्री एवं कोषाध्यक्ष सहित शाखा के सदस्यों और समाजजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने पौधरोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण और लगाए गए पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया।
स्वहितकामः विद्यापीठ पाठशाला परिवार का रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम में स्वहितकामः विद्यापीठ पाठशाला परिवार की संचालिकाओं का विशेष सहयोग रहा। मंदिर प्रांगण में पौधरोपण के साथ नन्हे-मुन्ने बच्चों को भी पौधे प्रदान किए गए और उन्हें पौधों की रक्षा एवं नियमित देखभाल करने की शपथ दिलाई गई।
आयोजन के माध्यम से समाजजनों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी सभी की जिम्मेदारी है।

