नागदा चुनरी यात्रा 2026 में सामाजिक समरसता मंच के तत्वावधान में हजारों श्रद्धालुओं ने 251 मीटर लंबी चुनरी लेकर करीब 5 किलोमीटर पदयात्रा की और मां चंबल को चुनरी अर्पित की।
18वीं नागदा चुनरी यात्रा का भव्य नजारा: 251 मीटर की चुनरी में बंधी एकता, चंबल मैया के चरणों में उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की आस्था
रिपोर्टर – निलेश मेहता, नागदा
नागदा। नागदा चुनरी यात्रा 2026 में सोमवार को आस्था के 251 मीटर लंबे आंचल में शहर की सामाजिक एकता और समरसता का अद्भुत दृश्य दिखाई दिया। मां चंबल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और नगर की सुख-समृद्धि, उत्तम वर्षा, पर्याप्त जल एवं सर्वांगीण विकास की मंगलकामना के साथ सामाजिक समरसता मंच के तत्वावधान में 18वीं पारंपरिक चुनरी यात्रा श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ संपन्न हुई।
यात्रा में नगर के विभिन्न वर्गों के हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और करीब 5 किलोमीटर तक दो-दो की कतार में चलकर 251 मीटर लंबी चुनरी मां चंबल को अर्पित की।
मंच के मीडिया प्रभारी निलेश मेहता ने बताया कि समरसता मंच के अशोक शर्मा परिवार द्वारा 251 मीटर की चुनरी भेंट की गई। यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि नगरवासियों को एकता और सामाजिक समरसता के सूत्र में पिरोने का संदेश भी रहा। यात्रा में बच्चे, युवा, मातृशक्ति, बुजुर्ग और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े नागरिक उत्साहपूर्वक सहभागी बने।
नागदा चुनरी यात्रा 2026 में अमृत कुंभों के वर्षाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक
यात्रा की धार्मिक परंपरा का शुभारंभ दोपहर 1 बजे सामाजिक समरसता मंच के संस्थापक एवं स्थापना सदस्यों द्वारा चंबल नदी तट से हुआ। यहां मां चंबल के समक्ष 11 अमृत कुंभ स्थापित किए गए। इन कुंभों को वर्षाजल से भरकर विश्वकर्मा मंदिर लाया गया, जहां पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया।
विश्वकर्मा मंदिर में दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक भगवान शिव का रुद्राभिषेक चला। इसके बाद भव्य महाआरती हुई। महाआरती में बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए और धार्मिक वातावरण हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
संस्थापक सदस्य विजय प्रकाश मेहता का सम्मान
महाआरती के अवसर पर सामाजिक समरसता मंच के संस्थापक सदस्य विजय प्रकाश मेहता का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
मंच के संरक्षक गिरधारी सिंह शेखावत ने कहा कि विजय प्रकाश मेहता संस्था को निरंतर जीवंत बनाए रखने के लिए समय-समय पर अपना सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेहता कई वर्षों तक नागदा में रहे और वर्तमान में उज्जैन में निवास करने के बावजूद संस्था के प्रति उनका स्नेह एवं सहयोग निरंतर बना हुआ है। वे विशेष रूप से उज्जैन से नागदा पहुंचकर चुनरी यात्रा में शामिल हुए।
ढोल-डीजे की धुन पर निकली 251 मीटर की भव्य चुनरी यात्रा
महाआरती के बाद विशाल जनसमुदाय के साथ नागदा चुनरी यात्रा 2026 प्रारंभ हुई। महिला एवं पुरुष श्रद्धालु दो-दो की कतार में अनुशासित रूप से यात्रा में शामिल हुए। डीजे और ढोल की धुन पर “हर-हर महादेव” और “जय-जय चंबल मैया” के जयघोष से यात्रा मार्ग भक्तिमय हो उठा।
251 मीटर लंबी विशाल चुनरी को लेकर श्रद्धालु करीब 5 किलोमीटर पैदल चंबल तट तक पहुंचे। यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में गजब का उत्साह नजर आया।
चंबल तट पर विधि-विधान से मां चंबल को चुनरी अर्पित कर भव्य महाआरती की गई। इस दौरान चंबल मैया के जयघोष और हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।
भद्रकाली माता मंदिर पर प्रसादी, श्रद्धालुओं को मेहंदी के कोन वितरित
चंबल तट पर धार्मिक अनुष्ठान पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वापसी हेतु बसों की व्यवस्था की गई। भद्रकाली माता मंदिर पर केसरिया दूध की प्रसादी का वितरण किया गया। साथ ही आगंतुक श्रद्धालुओं एवं मातृशक्ति को मेहंदी के कोन वितरित किए गए।
पंकज नामदेव के संयोजन में लगातार छठवीं बार सफल आयोजन
यात्रा संयोजक पंकज नामदेव के नेतृत्व एवं संयोजन में लगातार छठवीं बार चुनरी यात्रा का सफल आयोजन संपन्न हुआ। उन्होंने यात्रा में सहभागी सभी श्रद्धालुओं, मातृशक्ति, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा सामाजिक समरसता मंच के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
संरक्षक गिरधारी सिंह शेखावत ने कहा कि पंकज नामदेव लगातार छठवें वर्ष चुनरी यात्रा के संयोजक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनकी कर्मठता, लगन, समर्पण और आयोजन के प्रति प्रतिबद्धता के कारण यात्रा निरंतर भव्य स्वरूप ले रही है।
उन्होंने कहा कि चुनरी यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि नागदा को सामाजिक एकता के सूत्र में बांधने वाली 18 वर्षों की जीवंत परंपरा बन चुकी है।
नागदा चुनरी यात्रा में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता
चुनरी यात्रा में मुख्य यजमान अशोक शर्मा परिवार, पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर, पूर्व विधायक दिलीप शेखावत, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़, जिला महामंत्री राकेश यादव, गोपाल सलूजा, अशोक मालवीय, गुलजारी लाल त्रिवेदी, सांसद प्रतिनिधि प्रकाश जैन, बसंत मालपानी, गिरधारी सिंह शेखावत, गिरधारी सिंह चौधरी, रमेश चंद्र पाल, रमेश राठी, रमेश मेहता, राजेंद्र सोलंकी, अशोक शर्मा, दिलीप कांठेड़, दिनेश अग्रवाल, निलेश मेहता, कमलेश जायसवाल, ओमप्रकाश चौहान, गोवर्धन यादव, सुरेश माहेश्वरी, रवि चौहान, भूपेंद्र राणावत, भेरू सिंह चौहान, पूर्व नपा अध्यक्ष विमला चौहान, पार्षद बबीता रघुवंशी, राधा पांचाल, जया पांडे, मीना अग्रवाल, वर्षा मेहता, सुनीता गुर्जर, इन्द्रकुवर शेखावत, लता शर्मा, माया शर्मा, पुष्पा डोबाल, सीमा मालपानी, सत्यनारायण जोशी एवं भुवनेश्वर शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।
नगरवासियों की हजारों की सहभागिता, 251 मीटर लंबी चुनरी, करीब पांच किलोमीटर की पदयात्रा, भगवान शिव का रुद्राभिषेक और मां चंबल की महाआरती ने इस वर्ष की 18वीं चुनरी यात्रा को भव्य स्वरूप दिया। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ नागदा की सामाजिक एकता और समरसता का संदेश भी दिया।



