नागदा रेलवे बायपास पर बड़ी राहत: सांसद अनिल फिरोजिया के आग्रह पर केंद्रीय रेल मंत्री का बड़ा आश्वासन, समाधान की प्रक्रिया तेज
रिपोर्टर: प्रमोद कुमार जैन | दैनिक स्वराज वाणी | नागदा
नागदा रेलवे बायपास को लेकर लंबे समय से चल रही मांग के बीच नागदा रेलवे बायपास मामले में एक महत्वपूर्ण प्रगति सामने आई है। सांसद अनिल फिरोजिया के आग्रह पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस विषय के शीघ्र समाधान के लिए नई दिल्ली स्थित रेल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। इस पहल से क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण विषय का सकारात्मक समाधान जल्द सामने आएगा।
सांसद अनिल फिरोजिया ने रेल मंत्रालय पहुंचकर भारतीय रेल के निर्देशक विकास जैन तथा जनशिकायत निदेशक एस. के. शर्मा के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में नागदा रेलवे बायपास से जुड़े सभी तकनीकी, प्रशासनिक और स्थानीय पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने सांसद को आश्वस्त किया कि मामले के प्रत्येक पहलू का गंभीरता से अध्ययन किया जाएगा और सभी विकल्पों का परीक्षण करने के बाद क्षेत्रहित में सर्वोत्तम समाधान तैयार किया जाएगा।
सांसद अनिल फिरोजिया ने अधिकारियों से आग्रह किया कि निर्णय लेते समय क्षेत्रवासियों की भावनाओं, जनसुविधा और स्थानीय हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि नागदा रेलवे बायपास केवल एक रेलवे परियोजना नहीं बल्कि हजारों नागरिकों की दैनिक आवश्यकताओं और विकास से जुड़ा विषय है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपे जाने से यह स्पष्ट संकेत मिला है कि केंद्र सरकार इस विषय को गंभीरता से देख रही है। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि विस्तृत अध्ययन के बाद जल्द ही सकारात्मक निर्णय सामने आएगा।
स्थानीय नागरिकों ने सांसद अनिल फिरोजिया की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय जल्द ऐसा समाधान निकालेगा जिससे विकास कार्य भी प्रभावित न हो और जनता की समस्याओं का स्थायी समाधान मिल सके।

