भगवान महावीर की दिव्यध्वनि का प्रारंभ गौतम गणधर की दीक्षा से हुआ, इसलिए मनाई जाती है गुरु पूर्णिमा
रविवार 09 अगस्त को होगा मंगल कलश स्थापना समारोह
मुरैना (मनोज जैन नायक) श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर मुरैना में वर्षायोग हेतु विराजमान जैनाचार्य अभिनंदन सागर जी महाराज के परम प्रभावक आज्ञानुवृती शिष्य आचार्यश्री उदारसागर जी महाराज ने गुरु पूर्णिमा पर्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जैन दर्शन में गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरु-शिष्य परंपरा, ज्ञान और आत्मकल्याण का प्रतीक माना जाता है। इसका संबंध भगवान महावीर स्वामी एवं उनके प्रथम प्रधान शिष्य गौतम गणधर (इंद्रभूति गौतम) की दीक्षा से जुड़ा है।
जैन परंपरा के अनुसार भगवान महावीर को केवलज्ञान प्राप्त होने के बाद भी उनकी दिव्यध्वनि का प्रवाह प्रारंभ नहीं हुआ था, क्योंकि योग्य शिष्य के अभाव में धर्मोपदेश का क्रम आगे नहीं बढ़ सकता था। आषाढ़ पूर्णिमा के दिन विद्वान इंद्रभूति गौतम भगवान महावीर के समवशरण में पहुंचे।
वहाँ उनका अहंकार समाप्त हुआ और उन्होंने भगवान महावीर को अपना गुरु स्वीकार कर दीक्षा ग्रहण की। गौतम गणधर के प्रथम शिष्य बनने के साथ ही भगवान महावीर की दिव्यध्वनि का प्रवाह प्रारंभ हुआ तथा जिनवाणी के माध्यम से धर्म का व्यापक प्रचार-प्रसार हुआ। इसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति में जैन समाज गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाता है।

जैन दर्शन में गुरु पूर्णिमा आत्मसंयम, साधना और चातुर्मास के शुभारंभ का भी प्रतीक है। गुरु को मोक्षमार्ग का पथप्रदर्शक माना गया है। गुरु के मार्गदर्शन के बिना आत्मकल्याण और सम्यक ज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं मानी गई है। इस अवसर पर जैन मंदिरों में गुरु वंदना, विशेष पूजन, शास्त्र स्वाध्याय एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है।
*पूजन सामग्री के जमीन पर गिरने से अनजाने में जीव हिंसा का दोष लगता है – मुनिश्री उपशांत सागर*
मुनिश्री उपशांतसागरजी महाराज ने अष्ट द्रव्य के आध्यात्मिक महत्व एवं उनकी पवित्रता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जैन दर्शन में अष्ट द्रव्य केवल पूजन सामग्री नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, श्रद्धा, भक्ति और समर्पण के प्रतीक हैं। जल, चंदन, अक्षत, पुष्प, नैवेद्य, दीप, धूप एवं फल—ये आठों द्रव्य जिनेन्द्र भगवान के प्रति निर्मल भावों की अभिव्यक्ति का माध्यम हैं। अतः इनका अत्यंत सावधानी, श्रद्धा और शुद्धता के साथ उपयोग करना प्रत्येक श्रद्धालु का कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि अष्ट द्रव्य का भूमि पर गिरना केवल असावधानी नहीं, बल्कि पवित्र पूजन सामग्री का अनादर माना जाता है। यदि ये द्रव्य पैरों के नीचे आ जाएँ तो यह आराध्य देव के प्रति अश्रद्धा का भाव प्रकट करता है। विशेष रूप से चावल (अक्षत) अथवा अन्य पूजन सामग्री के भूमि पर बिखर जाने से वहाँ विद्यमान सूक्ष्म त्रस एवं स्थावर जीवों की विराधना अथवा अज्ञानवश हिंसा होने की संभावना रहती है, जो जैन धर्म के मूल सिद्धांत अहिंसा परमो धर्मः के प्रतिकूल है।
मुनिश्री ने कहा कि अष्ट द्रव्य अत्यंत स्वच्छता, पवित्रता और निर्मल भावों के साथ भगवान को अर्पित किए जाते हैं। दृव्य सामग्री के जमीन पर बिखरने या गिरने से गंदगी तो होती ही है अन्य श्रावक बंधु भी दर्शन पूजन करते समय अपने आपको असहज महसूस करते हैं। जमीन पर सामग्री के गिरने से मक्खी, चींटी एवं असंख्य सूक्ष्म जीव उत्पन्न हो जाते हैं और हमारे आपके द्वारा अनजाने में पाप कर्म का आश्रव होता है ।
इसलिए प्रत्येक श्रद्धालु को चाहिए कि पूजन के समय पूर्ण सावधानी, संयम और जागरूकता रखे, ताकि न तो पवित्र द्रव्यों का अनादर हो और न ही किसी प्रकार की जीव-विराधना का कारण बने। यही सच्ची श्रद्धा, अहिंसा और जिनपूजा की मर्यादा का पालन है।

*आज गुरु पूर्णिमा पर होगा पूज्य गुरुदेव का अष्टद्रव्य पूजन*
नगर के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर में वर्षायोग हेतु विराजमान आचार्यश्री उदारसागरजी महाराज के दीक्षा गुरु आचार्यश्री अभिनंदनसागरजी महाराज का गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर अष्टद्रव्य से भव्य पूजन किया जाएगा। श्रद्धालु भक्तिभावपूर्वक अर्घ्य समर्पित कर गुरुदेव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करेंगे।
प्रातःकाल श्री जिनेन्द्र आज भगवान का जलाभिषेक, शांतिधारा एवं नित्यमह पूजन संपन्न होगा। इसके पश्चात भक्तिमय वातावरण में आचार्यश्री अभिनंदनसागरजी महाराज का पूजन, गुरु वंदना एवं मंगल आराधना आयोजित की जाएगी। मंदिर समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से धर्मलाभ लेने हेतु अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया है।
