Petlawad-Raipuria मार्ग पर चलती बाइक में लगी भीषण आग, पिता और दो बच्चे सुरक्षित
अनंतखेड़ी फांटे के पास हुआ हादसा
झाबुआ प्रतिनिधि मनीष कुमट । Petlawad-Raipuria मार्ग पर गुरुवार सुबह एक चलती बाइक में अचानक भीषण आग लग गई। घटना अनंतखेड़ी फांटे के समीप सुबह करीब 7:25 बजे हुई। समय रहते चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और बाइक सवार पिता तथा उनके दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए।
धुआं उठते ही रोकी बाइक
जानकारी के अनुसार, बेड़दा निवासी दिलीप पिता लिमजी कटारा अपने दो बच्चों राहुल और सुन्नी को झाड़-फूंक के लिए मातापाड़ा ले जा रहे थे। रास्ते में बाइक से अचानक धुआं उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए दिलीप ने तुरंत बाइक रोक दी और बच्चों को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
देखते ही देखते जलकर खाक हुई बाइक
बाइक रोकने के कुछ ही क्षणों बाद उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बाइक देखते ही देखते जलकर राख हो गई। हालांकि समय पर सभी लोग बाइक से उतर चुके थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक भूरजी गुंडिया और पायलट रजनीश सिंगाड़ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
समय रहते टला बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि बाइक समय पर नहीं रोकी जाती तो यह घटना गंभीर हादसे में बदल सकती थी। दिलीप कटारा की सतर्कता और त्वरित निर्णय से पिता और दोनों बच्चों की जान सुरक्षित बच गई।
