जैन प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 का आयोजन 27 दिसंबर को अम्बाह में होगा। देशभर की 500 से अधिक प्रतिभाओं को सोने की गिन्नी, लैपटॉप, स्वर्ण-रजत पदक और उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा।
जैन प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 में 500 से अधिक प्रतिभाओं का होगा बहुमान
मुरैना (मनोज जैन नायक)। जैन प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 का भव्य आयोजन रविवार 27 दिसंबर को मुरैना जिले की अम्बाह तहसील में होने जा रहा है। श्री अखिल भारतीय दिगम्बर जैसवाल जैन उपरोचियां सेवा न्यास परिवार द्वारा आयोजित समारोह में देशभर से चयनित 500 से अधिक सजातीय प्रतिभाओं का बहुमान किया जाएगा।सेवा न्यास के प्रशासनिक महामंत्री रूपेश जैन उत्तमनगर, दिल्ली द्वारा जारी सूचना के अनुसार सेवा न्यास परिवार के अध्यक्ष प्रदीप जैन पीएनसी, आगरा, कार्याध्यक्ष सीए कमलेश जैन, गुरुग्राम, महामंत्री रविन्द्र जैन जमूसर भोपाल एवं कोषाध्यक्ष सीए शैलेन्द्र जैन दिल्ली के मार्गदर्शन में तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।प्रतिभा सम्मान समारोह के राष्ट्रीय संयोजक सुदीप जैन ग्रीन पार्क, सुरेशचंद जैन ग्रीन पार्क एवं मनोज जैन कोटा अपनी टीम के साथ आयोजन को भव्य स्वरूप देने में जुटे हैं।

10 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को सोने की गिन्नी
आयोजकों के अनुसार चयन प्रक्रिया के बाद देशभर की 500 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। चयनित सर्वश्रेष्ठ 10 प्रतिभाओं को सोने की गिन्नी प्रदान की जाएगी। वहीं तीन प्रतिभाशाली बच्चों को लैपटॉप एवं सोने की गिन्नी से सम्मानित किया जाएगा।अन्य चयनित प्रतिभाओं को स्वर्ण एवं रजत पदक के साथ स्मृति चिन्ह, बैग, पेन, डायरी, बहुरंगी परिचय स्मारिका, छल्ला और कैलेंडर सहित विभिन्न उपहार दिए जाएंगे।
इन उपलब्धियों पर मिलेगा सम्मान
जैन प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले और किसी भी प्रांत की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।इस वर्ष सीए, सीएस अथवा आईसीडब्ल्यूए बनने वाले तथा आईआईटी, क्लैट, आईआईएम, जीमैट अथवा मेडिकल प्रवेश परीक्षा के माध्यम से प्रवेश पाने वाले विद्यार्थी भी चयन के दायरे में रहेंगे।किसी भी स्नातक अथवा स्नातकोत्तर डिग्री में विशेष योग्यता हासिल करने वाले, राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक स्तर की प्रशासनिक अथवा शासकीय सेवाओं में चयनित होने वाले तथा मेडिकल कॉलेज में पीजी में चयन पाने वाली प्रतिभाओं का भी बहुमान होगा। खेल, शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में राष्ट्रीय और प्रादेशिक स्तर पर उपलब्धि या पुरस्कार प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
प्रतिभाओं और अभिभावकों के लिए विशेष व्यवस्था
चयनित प्रतिभाओं एवं उनके साथ आने वाले एक अभिभावक को सेवा न्यास द्वारा रेलवे शयनयान श्रेणी का यात्रा व्यय प्रदान किया जाएगा। आवास एवं भोजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं स्थानीय आयोजन समिति द्वारा की जाएंगी।
सेवा न्यास के मीडिया प्रभारी मनोज जैन नायक ने बताया कि समारोह में राज्यसभा सांसद नवीन जैन सहित देशभर से छात्र-छात्राएं, अभिभावक, समस्त न्यासीगण, उद्योगपति, चिकित्सक, सीए, अधिवक्ता, पत्रकार, बुद्धिजीवी तथा बड़ी संख्या में श्रावक श्रेष्ठी एवं साधर्मी बंधुओं के शामिल होने की संभावना है।
सेवा न्यास परिवार एवं प्रतिभा सम्मान टीम ने सभी न्यासियों, चयनित छात्र-छात्राओं, अभिभावकों तथा समस्त सजातीय बंधुओं से समारोह में सहभागिता कर प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

