मंदसौर में अफजलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई। 260 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो 150 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। करीब 26.10 लाख रुपए के मादक पदार्थ जब्त कर जावरा के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
बड़ी कार्रवाई: 26 लाख की MD ड्रग्स और डोडाचूरा जब्त, जावरा का आरोपी गिरफ्तार
दैनिक स्वराज वाणी | प्रियंका गुजराती
मंदसौर। 26 लाख की MD ड्रग्स और डोडाचूरा जब्त करने की बड़ी कार्रवाई अफजलपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 260 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो 150 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 26.10 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल तथा एसडीओपी मंदसौर ग्रामीण जितेंद्र भास्कर के निर्देशन में थाना प्रभारी अफजलपुर उप निरीक्षक विकास गेहलोत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
26 लाख की MD ड्रग्स और डोडाचूरा जब्त, पलवई फंटे पर नाकाबंदी
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को अफजलपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हल्के नीले रंग की टी-शर्ट और नीले रंग की लोवर पहने एक गंजा व्यक्ति हाथ में विमल का झोला लेकर पलवई फंटे से कहीं जाने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल पलवई फंटे पर नाकाबंदी की।
इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का एक व्यक्ति हाथ में झोला लेकर पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम और पंचों की मदद से उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुख्तयार अहमद खान (50), पिता मुस्लिम अहमद खान, निवासी नीम चौक के पीछे, सागर, जावरा शहर, जिला रतलाम बताया।
लोवर की जेब से मिली 260 ग्राम एमडी ड्रग्स
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी की लोवर की बाईं जेब में रखी प्लास्टिक की थैली से 260 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। वहीं उसके हाथ में मौजूद विमल के झोले की तलाशी लेने पर 5 किलो 150 ग्राम डोडाचूरा मिला।
पुलिस के अनुसार बरामद एमडी ड्रग्स की कीमत करीब 26 लाख रुपए तथा डोडाचूरा की कीमत करीब 10 हजार रुपए है। इस तरह जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 26.10 लाख रुपए बताई गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना अफजलपुर में धारा 8/15, 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया है। मामले की विवेचना जारी है। पुलिस आरोपी से बरामद मादक पदार्थों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में उप निरीक्षक विकास गेहलोत, थाना प्रभारी अफजलपुर एवं थाना अफजलपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
