शामगढ़ पुलिस ने 100 किलो डोडाचूरा और बोलेरो पिकअप जब्त की। पुलिस के अनुसार कुल करीब 82 लाख रुपये का मश्रुका जब्त किया गया, चालक फरार है।
शामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 100 किलो डोडाचूरा पकड़ा, 82 लाख का मश्रुका जब्त
पुलिस को देखकर पिकअप छोड़ खेतों में भागा चालक, वाहन मालिक की तलाश जारी
दैनिक स्वराज वाणी | प्रियंका गुजराती
मंदसौर। शामगढ़ पुलिस ने 100 किलो डोडाचूरा जब्त करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत मंदसौर जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शामगढ़ थाना पुलिस ने एक सफेद रंग की बोलेरो पिकअप से 100 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद किया। पुलिस ने डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये तथा पिकअप वाहन की कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई है।
शामगढ़ पुलिस ने 100 किलो डोडाचूरा पकड़ा
पुलिस के अनुसार 16 सितंबर 2026 को शामगढ़ थाने के सहायक उप निरीक्षक रूप सिंह झाला को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हतई फंटे के पास सफेद रंग की बोलेरो पिकअप क्रमांक MP14 ZH 1413 को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस का कहना है कि पिकअप चालक ने पुलिस को देखकर वाहन वापस मोड़कर भगाने का प्रयास किया। पुलिस बल ने वाहन का पीछा किया। इस दौरान चालक ग्राम एरी के पास पिकअप वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की ओर भाग गया।
पांच कट्टों में मिला 100 किलो डोडाचूरा
इसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर से पांच कट्टों में कुल 100 किलो अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने बरामद डोडाचूरा को जब्त कर थाना शामगढ़ में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।
वाहन मालिक विष्णु नाथ की तलाश जारी
विवेचना के दौरान पुलिस को वाहन क्रमांक MP14 ZH 1413 के स्वामी के रूप में विष्णु नाथ पिता गोवर्धन नाथ, निवासी कुण्डलाखुर्द, थाना शामगढ़, जिला मंदसौर की जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार उसकी तलाश जारी है।
करीब 82 लाख रुपये का मश्रुका जब्त
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कुल करीब 82 लाख रुपये का मश्रुका जब्त किया गया है। इसमें 100 किलो डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये तथा बोलेरो पिकअप की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई गई है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई में शामगढ़ थाना प्रभारी उप निरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय, उप निरीक्षक मनोज महाजन, सहायक उप निरीक्षक रूप सिंह झाला, आरक्षक विशाल सिंह सोलंकी, प्रेम कुमार रावत एवं धर्मेश बैरागी का सराहनीय योगदान रहा।
