Rampur बटुरा खदान प्रभावित किसानों की मांगों पर आंदोलन की तैयारी, चार नेताओं ने दी चेतावनी
पुनर्वास, मुआवजा और रोजगार जैसी वर्षों से लंबित समस्याओं पर 10 सूत्रीय मांगपत्र, समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो होगा व्यापक जन आंदोलन
धनपुरी / सोहागपुर (शहडोल)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के सोहागपुर क्षेत्र की रामपुर बटुरा खुली खदान परियोजना से प्रभावित किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर आंदोलन के स्वर एक बार फिर तेज हो रहे हैं। पुनर्वास, मुआवजा, रोजगार और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता जैसी मांगों का समाधान न होने पर जनप्रतिनिधियों और किसान नेताओं ने बड़े जन आंदोलन की चेतावनी दी है।
किसान नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता भूपेश शर्मा, जनपद सदस्य चंद्र कुमार तिवारी, पूर्व जनपद सदस्य राजबहोर चंद्रा और रमाकांत मिश्रा ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रभावित किसानों की समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। कई बार मांग उठाने और अधिकारियों का ध्यान दिलाने के बावजूद अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यदि अब भी प्रबंधन और प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई, तो प्रभावित किसानों और ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
2016 के सर्वे के बाद भी पुनर्वास अधूरा
नेताओं के अनुसार वर्ष 2016 में सर्वे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी पुनर्वास और पुनर्स्थापना से जुड़ी कई समस्याएं बनी हुई हैं। प्रभावित परिवारों के मकान, पेड़-पौधे, कुएं और बोरवेल का मुआवजा लंबित बताया गया है। अटरिया के 101 प्रभावित परिवारों को रोजगार देने का मामला भी अब तक अटका है। बिछिया-खैरबना क्षेत्र की विसंगतियां दूर न होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
बुनियादी सुविधाओं और रोजगार का मुद्दा
प्रभावित क्षेत्रों में स्कूल भवन की मरम्मत, पड़रिया में स्टॉपडैम निर्माण और बेरिहा में हैंडपंप की व्यवस्था जैसे काम लंबे समय से लंबित बताए गए हैं। बेलिया के आदिवासी परिवारों को मुआवजा न मिलने का मुद्दा भी उठाया गया।
नेताओं ने जय अंबे कंपनी में स्थानीय युवाओं की जगह बाहरी लोगों की भर्ती का आरोप लगाया। उनका कहना है कि स्थानीय आदिवासी युवा मेडिकल प्रक्रिया पूरी करने के बाद भी रोजगार के लिए भटक रहे हैं। बेटियों को क्वार्टर उपलब्ध कराने और वृद्ध माता-पिता के लिए एनओसी की प्रक्रिया सरल करने की मांग भी रखी गई।

“अब सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा”
भूपेश शर्मा ने कहा कि यह किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ शिकायत नहीं, बल्कि प्रभावित किसानों की पीड़ा है। किसानों ने खदान के लिए अपनी जमीन और घर तक दिए, लेकिन वर्षों बाद भी उन्हें पूरा अधिकार नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अब प्रबंधन को ठोस निर्णय लेकर समस्याओं का समाधान करना होगा।
चंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते वे किसानों के साथ खड़े हैं और प्रशासन व एसईसीएल प्रबंधन को समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए। राजबहोर चंद्रा ने कहा कि मामले वर्षों से लंबित हैं और युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, समाधान न हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। रमाकांत मिश्रा ने प्रभावित क्षेत्र के बेरोजगारों को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग करते हुए कहा कि स्थानीय युवाओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में उचित नहीं।
एसडीएम और महाप्रबंधक से मांग
चारों नेताओं ने एसडीएम सोहागपुर और एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक से 10 सूत्रीय मांगपत्र पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध समाधान की मांग की है। साथ ही किसानों, जनप्रतिनिधियों और प्रबंधन के बीच नियमित संवाद के लिए बंद पड़ी समीक्षा बैठक फिर शुरू करने की अपील की है।
नेताओं ने स्पष्ट किया कि किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकार मांग रहे हैं और समाधान करना प्रबंधन व प्रशासन की जिम्मेदारी है। मांगों को लगातार नजरअंदाज किया गया तो आने वाले दिनों में जन आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
(रिपोर्ट: योगेश कुमार वर्मन, संभाग शहडोल)
