संविधान दिवस पर बहुजन समाज पार्टी BSP ने सौंपा ज्ञापन, डॉ. आंबेडकर की प्रतिमाएं स्थापित करने की मांग
सादपुर में प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वालों पर कार्रवाई और नरसिंहगढ़ में हटाई गई प्रतिमा की पुनर्स्थापना की उठाई मांग
दमोह (कोमल अहिरवार, जिला ब्यूरो चीफ)। संविधान दिवस के अवसर पर बहुजन समाज पार्टी BSP की दमोह जिला इकाई ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान और उनकी प्रतिमाओं की स्थापना से जुड़े मामलों को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दमोह के अंबेडकर चौक और कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन दिया। इसमें ग्राम सादपुर में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अष्टधातु की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की गई। साथ ही नरसिंहगढ़ में पूर्व में हटाई गई प्रतिमा को दोबारा स्थापित करने की मांग भी उठाई गई।
सादपुर में प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वालों पर कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में बताया गया कि 14 अक्टूबर 2026 की रात ग्राम सादपुर, थाना रजपुरा, तहसील बटियागढ़ में असामाजिक तत्वों द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी गई थी। इस घटना के संबंध में 15 अक्टूबर को डॉ. आंबेडकर के अनुयायियों, समर्थकों और बसपा कार्यकर्ताओं ने आरोपियों पर कार्रवाई करने तथा वहां अष्टधातु की प्रतिमा स्थापित करने के लिए आवेदन दिया था।
ज्ञापन के अनुसार, उस समय एसडीएम पथरिया, तहसीलदार बटियागढ़ और एसडीओपी हटा ने मंत्री लखन पटेल के माध्यम से प्रतिमा स्थापित कराने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर 27 अक्टूबर 2026 को बहुजन समाज पार्टी ने पुलिस अधीक्षक दमोह को ज्ञापन सौंपा था। पार्टी का आरोप है कि इसके बावजूद न तो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और न ही प्रतिमा स्थापना के संबंध में सकारात्मक कार्रवाई हुई।
नरसिंहगढ़ में हटाई गई प्रतिमा स्थापित करने की मांग
ज्ञापन में नरसिंहगढ़ बस स्टैंड चौराहे पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापना का मामला भी उठाया गया। पार्टी के मुताबिक, 26 सितंबर 2023 को सीतानगर रोड स्थित नरसिंहगढ़ बस स्टैंड चौराहे पर ग्रामीणों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की थी।
इसके अगले दिन 27 सितंबर 2023 को पथरिया एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी और नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी ने मौके से प्रतिमा हटवाकर पुलिस चौकी नरसिंहगढ़ में रखवा दी थी। उस समय 20 दिनों के भीतर प्रतिमा दोबारा स्थापित कराने की बात कही गई थी। बसपा का कहना है कि लंबे समय बाद भी प्रतिमा स्थापित नहीं की गई है, जबकि स्थानीय लोगों और अनुयायियों द्वारा कई बार शासन-प्रशासन को इस संबंध में अवगत कराया गया।
प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग
बहुजन समाज पार्टी की दमोह जिला इकाई ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि ग्राम सादपुर में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने के मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और वहां अष्टधातु की प्रतिमा स्थापित कराई जाए। इसके साथ ही नरसिंहगढ़ पुलिस चौकी में रखी डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा को शीघ्र निर्धारित स्थल पर स्थापित किया जाए।
संविधान दिवस पर सौंपे गए इस ज्ञापन के जरिए पार्टी ने दोनों मामलों में लंबित कार्रवाई पूरी करने और प्रतिमा स्थापना की मांग पर प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
