इंदौर दिगंबर जैन परवार सभा के युवक-युवती ज्योति परिचय सम्मेलन में उज्जैन की रंगरेज कला संस्कार समिति ने सती चंदन बाला नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। 30 कलाकारों के अभिनय को मिली सराहना।
इंदौर सती चंदन बाला की नृत्य नाटिका ने दर्शकों का मन मोहा, कलाकारों की प्रस्तुति को मिली खूब सराहना
प्रस्तुति : डॉ. जैनेंद्र जैन
दैनिक स्वराज वाणी
इंदौर। दिगंबर जैन परवार सभा के संयोजन में आयोजित युवक-युवती ज्योति परिचय सम्मेलन के प्रथम दिन रात्रि में रविंद्र नाट्यगृह के मंच पर रंगरेज कला संस्कार समिति, उज्जैन के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नृत्य नाटिका ‘सती चंदन बाला’ ने दर्शकों का मन मोह लिया। करीब 30 कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति, सशक्त संवाद और शानदार अभिनय ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
नृत्य नाटिका के माध्यम से भगवान महावीर के शासनकाल की चंपानगरी की राजकुमारी वसुमति से सती चंदन बाला बनने तक की जीवन यात्रा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। राजा दधिवाहन और रानी धारणी की पुत्री वसुमति ने जीवन में अनेक कठिन परिस्थितियों का सामना किया। कौशांबी के धन्ना सेठ के यहां सुभद्रा द्वारा दिए गए कष्टों के बावजूद उन्होंने धैर्य, संयम और अपने शील की रक्षा की।
नाटिका में चंदन बाला के जीवन के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। विशेष रूप से भगवान महावीर को आहार दान देकर उनके उपवास का पारणा कराने और उनकी प्रथम शिष्या बनने के प्रसंग को कलाकारों ने प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। चंदन बाला को भगवान महावीर के विशाल साध्वी संघ की प्रथम गणिनी आर्यिका बनने के गौरवपूर्ण प्रसंग का भी सुंदर चित्रण किया गया।
नाटिका में चंदन बाला की भूमिका निभाने वाली कलाकार युवती के साथ धन्ना सेठ और सुभद्रा की भूमिका निभाने वाले कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों पर अमिट छाप छोड़ी। सभी 30 कलाकारों का अभिनय सराहनीय रहा और प्रभावशाली संवादों ने प्रस्तुति को विशेष बना दिया।
इस आयोजन की खास बात यह रही कि नृत्य नाटिका में अभिनय करने वाले सभी कलाकार अजैन थे। वरिष्ठ समाजसेवी संदीप जैन मोयरा, गिरीश जैन गिन्नी और सिंपल जैन इस प्रस्तुति के प्रायोजक रहे।
ठंड के बावजूद रविंद्र नाट्यगृह में महिलाओं, पुरुषों और युवक-युवतियों की अच्छी उपस्थिति रही। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त समाजसेवी हंसमुख गांधी, सभा अध्यक्ष राकेश जैन चेतक, अखिलेश सिंघई, मनीष नायक, प्रदीप बल्ला, आशीष जैन सूतवाला, सतीश डबडेरा, डॉ. जैनेंद्र जैन, अनिल जैनको, सुदीप जैन, संदीप जैन गिन्नी, राजेश जैन दद्दू सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
