Sarangpur के विकास कार्यों की मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने की मैराथन समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
सिंचाई, सड़क, बिजली, पेयजल और शिक्षा सहित 18 से अधिक विभागों के कार्यों की समीक्षा; समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने की हिदायत
Sarangpur, 28 नवंबर। सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और आमजन तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन के कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक डॉ. गौतम टेटवाल ने शनिवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय के सभागार में विभिन्न विभागों के विकास एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विभागवार भौतिक और वित्तीय प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फरवरी-मार्च से पहले गांवों तक पहुंचे सिंचाई का पानी
मोहनपुरा और कुंडलिया वृहद सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री डॉ. टेटवाल ने कहा कि किसानों को समय पर पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से कहा कि फरवरी-मार्च से पहले योजना से लाभान्वित होने वाले ग्रामों तक पानी पहुंचाने की कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जाए।
बिजली व्यवस्था सुधारने और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने सारंगपुर को विद्युत संभाग बनाए जाने तथा गुलावता ट्रांसफार्मर के उन्नयन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने खराब विद्युत केबलों को आवश्यकता के अनुसार दुरुस्त करने और क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को सौर ऊर्जा के लाभों के प्रति जागरूक कर अधिक से अधिक लोगों को सोलर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
अधूरी जानकारी पर महिला एवं बाल विकास अधिकारी को नोटिस
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा समीक्षा बैठक में अपूर्ण जानकारी प्रस्तुत किए जाने पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी योजनाओं की प्रगति और हितग्राहियों से संबंधित जानकारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ प्रस्तुत करें।

राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में करें निराकरण
राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना के सफल क्रियान्वयन पर मंत्री ने अधिकारियों की प्रशंसा की। उन्होंने नामांतरण और बंटवारे के लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही ड्रोन सर्वे से छूटे गांवों की जानकारी शासन को भेजकर वहां पुनः सर्वे कराने को कहा।
सड़क निर्माण से पहले दुरुस्त हों पेयजल की पाइपलाइन
सारंगपुर नगर के सिटी पोर्शन में सड़क निर्माण से पहले पेयजल प्रदाय लाइनों की मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्य पूरे करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग तथा जल निगम के अधिकारियों को दिए गए। मंत्री ने कहा कि दोनों विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि भविष्य में सड़क की खुदाई करने की स्थिति न बने। ग्रामीण क्षेत्रों में भी नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
किसानों को योजनाओं की जानकारी देने संयुक्त शिविर लगाएं
कृषि और पशुपालन विभाग को संयुक्त रूप से शिविर आयोजित कर किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं, कृषि सुविधाओं और पशुपालन संबंधी योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश
स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को अभिभावकों से संपर्क करने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
25 दिसंबर को होंगे पंचायत भवनों के लोकार्पण
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने पूर्व वित्तीय वर्षों में स्वीकृत निर्माण कार्यों के लंबित रहने पर असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित उपयंत्रियों को नोटिस जारी करने तथा सभी लंबित कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा 25 दिसंबर को ग्राम पंचायतों में नवनिर्मित पंचायत भवनों के लोकार्पण की तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने को कहा।
18 से अधिक विभागों के कार्यों की हुई समीक्षा
बैठक में राजस्व, जल संसाधन, जल निगम, लोक निर्माण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, विद्युत, स्कूल शिक्षा, कृषि, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, नगर पालिका, उच्च शिक्षा, अनुसूचित जाति कल्याण, हाउसिंग बोर्ड और आईटीआई सहित 18 से अधिक विभागों की योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक के अंत में मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गड़पाले, अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान, एसडीएम जय सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
