नोबल पब्लिक स्कूल जैतहरी में हर्षोल्लास से मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर विद्यार्थियों ने एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश
मदन मोहन मिश्रा
Anuppur /जैतहरी। नोबल पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, जैतहरी में 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस एवं देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री और गृहमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रेरणादायक जीवन, उनके संघर्ष, राष्ट्र के प्रति समर्पण और भारत की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में उनके अतुलनीय योगदान पर विचार व्यक्त किए। विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और देश की विविधता में एकता के महत्व को समझाया।

शिक्षकों ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, अदम्य साहस और दूरदर्शी नेतृत्व से देश की 562 से अधिक रियासतों के एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। इसी महान योगदान के कारण उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि भारत की असली शक्ति उसकी एकता, विविधता और आपसी प्रेम में निहित है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा करे और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करे।
विद्यालय परिवार ने संकल्प व्यक्त किया कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सद्भाव और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से भी जोड़ा जाएगा।
