एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र के 13 कर्मचारियों के जॉब परिवर्तन एवं सरफेस ड्यूटी के लिए 30 नवंबर 2026 को बिलासपुर के इंदिरा विहार हेल्थ सेंटर में सुबह 8:30 बजे मेडिकल बोर्ड आयोजित होगा। कर्मचारियों को जरूरी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।
एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र के 13 कर्मचारियों का जॉब परिवर्तन एवं सरफेस ड्यूटी के लिए 30 नवंबर को मेडिकल बोर्ड
मोहम्मद हारून, कोयलांचल क्षेत्र रिपोर्टर
दैनिक स्वराज वाणी
धनपुरी। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के सोहागपुर क्षेत्र में कार्यरत 13 कर्मचारियों के जॉब परिवर्तन एवं सरफेस ड्यूटी से जुड़े मामलों के परीक्षण के लिए 30 नवंबर 2026 को मेडिकल बोर्ड आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक कार्यालय द्वारा 28 नवंबर 2026 को आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, एसईसीएल बिलासपुर के चीफ ऑफ मेडिकल सर्विसेज द्वारा सूचित किया गया है कि 30 नवंबर को सुबह 8:30 बजे बिलासपुर स्थित इंदिरा विहार हेल्थ सेंटर में एपेक्स मेडिकल बोर्ड का आयोजन होगा। इसमें सोहागपुर क्षेत्र के 13 कर्मचारियों के जॉब परिवर्तन एवं सरफेस ड्यूटी से संबंधित मामलों का मेडिकल परीक्षण किया जाएगा।
इन 13 कर्मचारियों के नाम शामिल
मेडिकल बोर्ड में शामिल होने वाले कर्मचारियों में संदीप कुमार शर्मा, सुनील कुमार चौहान, लालबहादुर जायसवाल, राजेश कुमार, अनिल कुमार कोल, राजकुमार द्विवेदी, अतुल कुमार मिश्रा, सुनील कुमार, विजय कुमार साहू, संतोष, तुलसी, गगन कुमार पनिका एवं राम प्रकाश पांडेय शामिल हैं। ये कर्मचारी राजेन्द्रा यूजी, बंगवार यूजी, अमलाई ओसी, दामिनी यूजी सहित सोहागपुर क्षेत्र की विभिन्न इकाइयों में पदस्थ हैं।
आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचना अनिवार्य
आदेश में सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्धारित समय पर मेडिकल बोर्ड के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारियों को एसओ (एचआर), सोहागपुर क्षेत्र से जारी अग्रेषण पत्र, एनईआईएस नंबर, उपचार एवं जांच से संबंधित दस्तावेज, पिछले दो वर्षों की उपस्थिति का विवरण, मेडिकल कार्ड, पहचान पत्र और पीएमई रिपोर्ट साथ लानी होगी।
इसके अलावा एक्स-रे, सीटी स्कैन और एमआरआई की रिपोर्ट एवं प्लेटें, यदि उपलब्ध हों, प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। आईओडी मामलों में पीपीडी रिपोर्ट, मुआवजा भुगतान से संबंधित दस्तावेज तथा वर्तमान कार्य से जुड़ी जानकारी भी साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं।
दस्तावेज अधूरे होने पर नहीं होगा विचार
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आवश्यक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में संबंधित कर्मचारी के मामले पर मेडिकल बोर्ड द्वारा विचार नहीं किया जाएगा। मेडिकल बोर्ड के लिए सोहागपुर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व खैरहा यूजी के सहायक प्रबंधक (एचआर) आशीष रंजन लखड़ा करेंगे।
एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र के स्टाफ अधिकारी (स्थापना) द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि महाप्रबंधक सोहागपुर क्षेत्र, मुख्य चिकित्सा सेवाएं बिलासपुर और क्षेत्रीय चिकित्सा अधिकारी को भी आवश्यक जानकारी एवं कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
इस मेडिकल बोर्ड के आयोजन से संबंधित कर्मचारियों के जॉब परिवर्तन एवं सरफेस ड्यूटी के मामलों में आगे की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।
